हिसार : सीएम फ्लाइंग का छापा, दो धर्मकांटे करवाए बंद

धर्मकांटे पर जांच करते सीएम फ्लाइंग व मापतोल अधिकारी।

जांच के दौरान दोनों धर्मकांटों के तोल में मिली बड़ी गड़बड़ी

हिसार, 25 अप्रैल (हि.स.)। सीएम फ्लाइंग की टीम ने उकलाना की नई अनाज मंडी

के सामने स्थित श्री बालाजी धर्मकांटे में तोल में गड़बड़ी होने की शिकायत पर छापा

मारा। सीएम फ्लाइंग इंचार्ज सुनैना के नेतृत्व में मापतोल विभाग ने जांच में गड़बड़ी

पाए जाने के बाद सख्त कार्रवाई करते हुए उक्त धर्मकांटे को बंद करवा दिया है। जांच

के दौरान एक अन्य धर्मकांटे में भी अनियमितता पाई गई, जिसे भी बंद करवा दिया गया।

इस संबंध में सुरेवाला गांव निवासी जादम सिंह ने धर्मकांटे में गड़बड़ी की

शिकायत सीएम फ्लाइंग इंचार्ज सुनैना को सबूतत सहित भेजी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि

वे एक फैक्ट्री चलाते हैं और लंबे समय से श्रीबालाजी धर्मकांटे पर गाड़ियों का वजन

करवाते आ रहे हैं। उन्हें तोल में गड़बड़ी का संदेह हुआ, जिसके चलते उन्होंने एक ही

गाड़ी को दो अलग-अलग धर्मकांटों पर तुुलवाया। इसमें लगभग एक क्विंटल 60 किलोग्राम वजन

का अंतर पाया गया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ। इस तरह की गड़बड़ी के कारण उन्हें

लगभग 10 लाख रुपए का नुकसान हो चुका है।

शिकायत मिलने के बाद सीएम फ्लाइंग इंचार्ज सुनैना ने मापतोल विभाग के इंस्पेक्टर

जयपाल सिंह को जांच के लिए अवगत करवाया। इंस्पेक्टर जयपाल सिंह ने टीम सहित शुक्रवार

को उकलाना में मौके पर पहुंचकर श्रीबालाजी धर्मकांटे की जांच की, जिसमें गड़बड़ी की

पुष्टि हुई। विभाग ने तत्काल प्रभाव से श्रीबालाजी धर्मकांटे को बंद करने के आदेश जारी

किए और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इंस्पेक्टर जयपालसिंह ने बताया कि जांच

के दौरान कुल चार धर्मकांटों की जांच की गई, जिनमें से एक अन्य धर्मकांटे में भी गड़बड़ी

मिली, जिसे भी बंद कर दिया गया है। उकलाना के शेष दो धर्मकांटे व अग्रोहा के एक धर्मकांटे

में जांच में सही पाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि श्रीबालाजी धर्मकांटे में तोल में

गड़बड़ी की शिकायत मिली थी। मापतोल विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के व्यापारियों व

किसानों में हड़कंप मच गया है। किसानों का कहना है कि उनकी गेहूं का तोल ज्यादातर श्रीबालाजी धर्मकांटे, उकलाना

पर हुआ है और ऐसे में किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हो गया है। इसलिए उपरोक्त धर्मकांटा

संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

   

सम्बंधित खबर