नई दिल्ली, 20 मई (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज दिल्ली के कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा के साथ ‘दिल्ली टैलेंट हंट – हौसलों की उड़ान योजना 2026-27’ का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को मुख्यमंत्री जन सेवा सदन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में योजना का शुभांरभ किया। उन्होंने कहा कि राजधानी में अपार प्रतिभा है। योजना का लक्ष्य दिल्ली के युवाओं की छिपी प्रतिभाओं को पहचान देना, उन्हें निखारना और आगे बढ़ाना है।
योजना सभी 70 विधानसभाओं से शुरू होगी और इसमें 25 हजार से ज्यादा युवाओं की भागीदारी होगी। इसमें गायन, नृत्य, थिएटर, फाइन आर्ट, डिजिटल आर्ट, वाद्य संगीत एवं म्यूजिक कंपोजिशन जैसी विधाओं में प्रतिभाओं को मंच मिलेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली के युवा अपनी क्षमता, सृजन और परिश्रम से नई पहचान गढ़ें। इस दिशा में दिल्ली सरकार लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘दिल्ली टैलेंट हंट’ योजना के जरिए सरकार अब प्रतिभाशाली युवाओं के पास पहुंचेगी, इससे पहले इतनी बड़ी टैलेंट हंट योजना नहीं शुरू की गई है।
मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बजट में घोषणा की थी कि दिल्ली सरकार का संस्कृति विभाग दिल्ली के युवाओं के लिए प्रतिभा खोज योजना लागू करेगा। आज इससे वादे को पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के युवाओं में गायन, नृत्य, रंगमंच, डिजिटल कला और कई अन्य क्षेत्रों में अपार प्रतिभा है। दिल्ली के कई प्रतिभाशाली युवाओं ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वतंत्र रूप से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।
कपिल मिश्रा ने मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में दिल्ली सरकार राज्य के युवाओं के सपनों को एक नई उड़ान देने जा रही है। उन्होंने कह कि इसी ऐतिहासिक पहल के तहत दिल्ली टैलेंट हंट हौसलों की उड़ान की भव्य शुरुआत होने जा रही है, जिसकी घोषणा आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से पूरे गर्व के साथ की गई।
कपिल मिश्रा ने कहा कि इस अनूठे अभियान का मूल उद्देश्य दिल्ली की झुग्गी-झोपड़ियों, गलियों और कॉलोनियों में रहने वाले उन प्रतिभावान युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को ढूंढना, उन्हें निखारना और एक ऐसा मजबूत मंच प्रदान करना है जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार इन युवाओं की इस यात्रा में हर मोड़ पर उनके साथ खड़ी रहेगी और उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चलते हुए उन्हें सफलता के शिखर तक पहुंचाने तथा समाज में एक नई और सम्मानजनक पहचान दिलाने के लिए अपनी हर संभव मदद और संसाधन सुनिश्चित करेगी।
---------------

