![](/Content/PostImages/00b51f1db0dfd4844ee45fba06eeda3d_512852562.jpg)
- विश्व रिकॉर्ड बनाने के उद्देश्य से आयोजित होने वाली झूमर नृत्य की तैयारियों की मुख्यमंत्री ने की समीक्षा
गुवाहाटी, 06 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने आज लोक सेवा भवन, दिसपुर में राज्य भर के जिला उपायुक्तों के साथ वीडियो कांफ्रेंस की। बैठक में मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की, जिनमें अरुणोदय 3.0, मुख्यमंत्री महिला उद्यमिता अभियान और मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर असम अभियान शामिल थे।
मुख्यमंत्री ने इन योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन पर जोर देते हुए कहा कि को-जिला उपायुक्त अब अरुणोदय 3.0 योजना की निगरानी समिति में शामिल होंगे और इसे जमीनी स्तर पर सुचारू रूप से लागू करने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने महिला उद्यमिता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने वाली योजनाओं की भी समीक्षा की।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने 24 फरवरी को सरूसजाई में आयोजित होने वाले झूमर नृत्य प्रदर्शन पर भी चर्चा की, जिसे विश्व रिकॉर्ड बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिया कि इस ऐतिहासिक आयोजन का सीधा प्रसारण चाय बागानों में किया जाए, जिससे दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोग भी इस उत्सव का हिस्सा बन सकें। यह आयोजन असम चाय के 200 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में किया जा रहा है।
बैठक में कृषि मंत्री अतुल बोरा, स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल, राजस्व मंत्री केशव महंत, वस्त्र एवं हस्तशिल्प मंत्री यूजी ब्रह्मा, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री जयंत मल्लबरुवा, वित्त मंत्री अजंता नेओग, सांस्कृतिक मामलों के मंत्री बिमल बोरा, पहाड़ी क्षेत्र मंत्री जोगेन मोहन, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री नंदिता गार्लोसा, ऊर्जा मंत्री प्रशांत फूकन, खाद्य, सार्वजनिक वितरण और उपभोक्ता मामले मंत्री कौशिक राय, पशुपालन और पशु चिकित्सा मंत्री कृष्णेंदु पॉल, श्रम कल्याण मंत्री रुपेश गोवाला, मुख्य सचिव डॉ. रवि कोटा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. केके द्विवेदी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश