मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमनाथ यात्रा ट्रेन को दिखाई हरी झंडी
- DSS Admin
- Jun 05, 2026
जयपुर, 05 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार वृद्धजनों के कल्याण एवं धार्मिक पर्यटन को विकसित करने के लिए संकल्पित होकर कार्य कर रही है। इसी कड़ी में वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना बुजुर्गों की तीर्थाटन की मनोकामना को पूरा करने का माध्यम बन रही है। इस योजना के माध्यम से एक लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिकों की विभिन्न तीर्थस्थलों के दर्शन की अभिलाषा पूरी हो चुकी है।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन पर सोमनाथ यात्रा शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति में माता-पिता और बुजुर्गों का सम्मान सर्वाेपरि है। प्रत्येक व्यक्ति की यह इच्छा होती है कि जीवन में पवित्र तीर्थस्थलों के दर्शन करे। राज्य सरकार का प्रयास है कि कोई भी वरिष्ठ नागरिक अपनी तीर्थ यात्रा की इच्छा से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति अटल, अमिट और अद्वितीय है तथा सोमनाथ मंदिर देश की इसी आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है। इस मंदिर को कई बार तोड़ा और लूटा गया, लेकिन शक्ति, स्वाभिमान के साथ यह पुनः स्थापित हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व की पहल की है, जो हमारी सांस्कृतिक चेतना का महापर्व है। इसके अन्तर्गत 1 हजार दिनों के लिए विशेष पूजा की जा रही है। इस यात्रा के माध्यम से प्रदेश के तीर्थयात्रियों को भी इस पुण्य कार्य में शामिल होने का अवसर मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में तीर्थ यात्रा का बड़ा महत्व है। तीर्थाटन केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि आत्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का भी माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश-प्रदेश के नागरिक सनातन संस्कृति के उत्थान के साक्षी बन रहे हैं। अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के साथ-साथ काशी विश्वनाथ, महाकाल लोक, केदारनाथ धाम सहित अन्य तीर्थस्थलों का कायाकल्प हुआ है।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार प्रदेश के आस्था धामों का प्रतिबद्धता के साथ विकास कर रही है। पुष्कर, खाटूश्यामजी, नाथद्वारा, केशोरायपाटन सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों एवं आस्था केन्द्रों पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं के दृष्टिगत उल्लेखनीय विकास कार्य किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुजुर्गों के गरिमापूर्ण जीवन और सुरक्षा के लिए भी महत्वपूर्ण पहल की गई है। अस्पतालों में वृद्धजन मरीजों की समुचित देखभाल के लिए रामाश्रय वार्ड स्थापित किए गए हैं। वहीं, राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 8 लाख से अधिक पेंशनर्स को लाभान्वित किया है। मुख्यमंत्री वृद्धजन सम्मान पेंशन योजना के माध्यम से 50 लाख से अधिक पेंशनर्स को 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की सम्मान राशि सीधे उनके खातों में भी जमा की गई।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में काजल चौधरी का उल्लेख करते हुए कहा कि अधिकमास में वे अपनी 90 वर्षीय सास को सिर पर टोकरी में बैठाकर चौरासी कोस की ब्रज परिक्रमा करवा रही है, जो 260 किलोमीटर की यात्रा है। उन्होंने कहा कि यह भारतीय संस्कृति के जीवंत संस्कारों का दर्शन है। मुख्यमंत्री ने तीर्थ यात्रियों से आह्वान किया कि वे सोमनाथ यात्रा से लौटने के बाद अपने अनुभव समाज और परिवार के साथ साझा करें तथा आध्यात्मिक मूल्यों एवं सांस्कृतिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में योगदान दें।
इस अवसर पर देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देशभर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मनाया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर इस उपलक्ष्य में प्रदेश में भी कई ऐतिहासिक आयोजन किए गए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत तीर्थ यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी करने के साथ ही एसी ट्रेन की सुविधा शुरू की गई है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने सोमनाथ यात्रा की ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने ट्रेन में तीर्थ यात्रियों से मुलाकात की और उन्हें मंगलमय यात्रा के लिए शुभकामनाएं भी दी। उल्लेखनीय है कि इस यात्रा के माध्यम से प्रदेश के श्रद्धालुओं को सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के साथ ही द्वारका एवं नागेश्वर के भी दर्शन करवाए जाएंगे।
इस दौरान संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, सांसद मंजू शर्मा, शासन सचिव देवस्थान शुचि त्यागी सहित देवस्थान विभाग एवं रेलवे के अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में तीर्थयात्री मौजूद रहे।
---------------

