सेब के बागीचे में अफीम की खेती का पर्दाफाश, केस दर्ज

शिमला, 18 मई (हि.स.)। शिमला जिला के पुलिस थाना देहा के तहत झोला गांव में पुलिस ने अवैध अफीम की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 350 अफीम के पौधे बरामद कर नष्ट किए हैं। इस संबंध में पुलिस थाना देहा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार रविवार को पुलिस टीम गांव झोला क्षेत्र में गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि महेंद्र निवासी गांव झोला ने अपने सेब के बागीचे में अवैध रूप से अफीम के पौधे उगा रखे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां महेंद्र की माता श्यामा मौजूद पाई गईं। उनकी उपस्थिति और स्वतंत्र गवाहों के सामने घर से करीब 50 मीटर नीचे स्थित सेब के बागीचे की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस को सेब के पौधों के बीच बड़ी संख्या में अफीम के पौधे मिले। जब इनकी गिनती की गई तो कुल 350 पौधे पाए गए। पुलिस ने सभी पौधों को मौके पर ही नष्ट कर दिया।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस संबंधित भूमि के मालिकाना रिकॉर्ड भी प्राप्त कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है।

---------------

   

सम्बंधित खबर