कैबिनेट: नीतीश सरकार ने प्रगति यात्रा से संबंधित 20 हजार करोड़ की योजनाओं सहित 136 प्रस्तावों पर लगायी मुहर 

पटना, 04 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को संपन्न मंत्रिमंडल की बैठक में प्रगति यात्रा से संबंधित करीब 20 हजार करोड़ की योजनाओं सहित 136 प्रस्तावों पर मुहर लगाई।

कैबिनेट की इस बैठक में मुख्य रूप से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा से जुड़ी घोषणाओं पर मुहर लगी है। मुख्यमंत्री अपनी प्रगति यात्रा के क्रम में जिलेवार दौरा कर रहे हैं। हर जिले में सीएम की ओर से कई विकास योजना शुरू करने की घोषणा की जा रही है। आज की कैबिनेट की बैठक में उन्हीं एजेंडों पर मुहर लगी है।

नीतीश कैबिनेट में आज 136 एजेंडो पर मुहर लगी है, जिसमें सबसे ज्यादा प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जो घोषणा की थी वह शामिल है। प्रगति यात्रा की 188 योजनाओं की स्वीकृति दी गयी है। जिसकी कुल लागत 20 हज़ार करोड़ है। जिसमें सबसे ज्यादा पथ निर्माण विभाग और जल संसाधन विभाग की योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गयी है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रगति यात्रा के दौरान यह घोषणा की थी कि अररिया में राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल का निर्माण कराया जाएगा। जिसके निर्माण की स्वीकृति दे दी गई है।इसके लिए 4 अरब एक करोड़ 78 लाख की योजना राशि को स्वीकृति प्रदान की गयी है। खगड़िया में भी अस्पताल बनाने की घोषणा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रगति यात्रा के दौरान की थी इसके निर्माण कार्य को भी स्वीकृति कैबिनेट से दी गयी है। इसमें 4 अरब 60 करोड़ 56 लाख रुपये खर्च होंगे जिसकी स्वीकृति कैबिनेट ने दे दी है।

स्वास्थ विभाग में गेस्ट फैकल्टी को बढ़ाये जाने का फैसला सरकार ने लिया है। इसके अलावे 2 डॉक्टरों को बर्खास्त किया गया है। इसके अलावे बांका में पॉस्को न्यायालय का गठन होगा। पूर्णिया और दरभंगा में अंतरराज्यीय बस अड्डा का निर्माण होगा। मधेपुरा में सिंधेश्वर स्थान को पर्यटक स्थल के तौर पर विकसित किया जाएगा। वही अरेराज स्थित मंदिर को भी विकसित किया जाएगा। वही हरीहर नाथ मंदिर को काशी कॉरिडोर की तरह बनाया जाएगा। बेगूसराय के सिमरिया में कल्पवास मेला के तहत पार्ट 2 का निर्माण किया जाएगा। अररिया और खगड़िया में नया मेडिकल कॉलेज और अस्पताल बनाया जाएगा। बेतिया में स्टेडियम का निर्माण होगा।

कैबिनेट विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ एस. सिद्धार्थ ने बैठक की जानकारी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा से संबंधित जिन योजनाओं को मंजूरी मिली है, उनमें हाजीपुर में जलजमाव दूर करने के लिए पानी की निकासी के लिए परियोजना को मंजूरी दी गयी है।

दरभंगा जिले में गंगासागर और दीघी झीलों के जीर्णोद्धार को मंजूरी मिली है। दरभंगा में बस स्टैंड बनाने को भी कैबिनेट की स्वीकृति मिली है। इस पर 83 करोड़ से ज्यादा की राशि खर्च की जायेगी। वहीं, पूर्णिया में भी अंतर्राज्यीय बस स्टैंड का निर्माण किया जायेगा। इस पर 56 करोड़ से ज्यादा खर्च होंगे।

डॉ एस सिद्धार्थ ने बताया कि अमृत योजना के तहत कटिहार में जाल पूर्ति की योजना को मंजूरी दी गयी है। समस्तीपुर जिले में एन.एच.28 पर बायपास का निर्माण किया जायेगा।मधेपुरा के उदाकिशुनगंज में चौसा मुरली चौक से करीब 15 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जायेगा। मधेपुरा में सिंघेश्वर स्थान के विकास के लिए 90 करोड़ 27 लाख रूपये खर्च होंगे।पूर्णिया जिला में पूरन देवी मंदिर के विकास के लिए 34 करोड़ रूपये खर्च होंगे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

   

सम्बंधित खबर