भाई की जगह सिपाही भर्ती परीक्षा देने वाला अभ्यर्थी गिरफ्तार

किशनगंज, 19 जून (हि.स.)। सिपाही भर्ती परीक्षा में फर्जी अभ्यर्थी बनकर शामिल होने के मामले में किशनगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अपने भाई के स्थान पर परीक्षा देने के आरोप में एक अभ्यर्थी को गिरफ्तार कर बक्सर से किशनगंज लाया है।

आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार युवक की पहचान मुंगेर जिले के वृंदावन निवासी अक्षय कुमार के रूप में हुई है। वह मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल एवं चलंत दस्ता सिपाही पदों के लिए आयोजित लिखित परीक्षा में अपने भाई की जगह शामिल होने का आरोपी है।

जानकारी के अनुसार 17 जून को बक्सर स्थित फाउंडेशन स्कूल परीक्षा केंद्र में दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान अक्षय कुमार की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। जांच और पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अपने भाई के स्थान पर परीक्षा दे रहा था।

पूछताछ के दौरान उसने यह भी खुलासा किया कि इससे पहले 14 जून को किशनगंज जिले के एक परीक्षा केंद्र पर भी वह अपने भाई की जगह परीक्षा में शामिल हुआ था। पुलिस द्वारा की गई जांच में इस बात की पुष्टि हुई कि आरोपी ने किशनगंज में आयोजित परीक्षा में भी फर्जी तरीके से भाग लिया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए 18 जून को बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना में आरोपी के विरुद्ध जीरो एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शुक्रवार को आरोपी को बक्सर से किशनगंज लाया गया।

पुलिस अब उससे पूछताछ कर पूरे मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस फर्जीवाड़े में और कौन-कौन लोग शामिल थे। एसडीपीओ वन खुसरू सिराज ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि भाई के स्थान पर परीक्षा देने के आरोप में अभ्यर्थी को बक्सर में गिरफ्तार किया गया था।

चूंकि मामला किशनगंज परीक्षा केंद्र से भी जुड़ा हुआ है, इसलिए जीरो एफआईआर के आधार पर उसे किशनगंज लाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार भर्ती परीक्षा में किसी भी प्रकार की अनियमितता और प्रतिरूपण को गंभीर अपराध माना जाता है। मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

   

सम्बंधित खबर