चिकन शॉप का लाइसेंस जारी करने की एवज में रिश्वत लेते नगर निगम का पशुधन निरीक्षक गिरफ्तार

जयपुर, 19 जून (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने नगर निगम जयपुर में तैनात एक पशुधन निरीक्षक को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एसीबी की विशेष अनुसंधान इकाई (एसआईयू) ने शुक्रवार को पशु प्रबंधन शाखा के पशुधन निरीक्षक सुरेंद्र कुमावत को पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया। आरोपित ने एक चिकन शॉप का लाइसेंस जारी करने के बदले परिवादी से छह हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो पुलिस महानिदेशक गोविंद गुप्ता के अनुसार एसीबी की एसआईयू चौकी को शिकायत प्राप्त हुई थी कि परिवादी की चिकन शॉप का लाइसेंस जारी किए जाने के बाद भी लाइसेंस की एवज में अवैध रूप से 6 हजार रुपए की रिश्वत मांग कर उसे परेशान किया जा रहा है।शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी मुख्यालय के उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महावीर सिंह के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई। जहां पुलिस निरीक्षक रघुवीर शरण और उनकी टीम ने शुक्रवार को जाल बिछाकर आरोपित पशुधन निरीक्षक सुरेंद्र कुमावत को 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

एसीबी अधिकारियों के अनुसार आरोपित नगर निगम जयपुर की पशु प्रबंधन शाखा में पशुधन निरीक्षक के पद पर कार्यरत है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उसने लाइसेंस जारी करने के बदले परिवादी से रिश्वत की मांग की थी। शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।कार्रवाई के बाद आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसीबी ने उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच के दौरान आरोपित की आय, संपत्ति और अन्य मामलों की भी पड़ताल की जा रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर