गोवंश तस्करी की कोशिश नाकाम सैंट्रो कार से दो मवेशी बरामद
- Sanjay Kulshrestha
- Sep 08, 2026
सांबा, 8 सितंबर 2026। गोवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सांबा पुलिस ने पुलिस थाना सांबा क्षेत्र में तस्करी की एक कोशिश को नाकाम करते हुए दो मवेशियों को बचाया और तस्करी में इस्तेमाल सैंट्रो कार जब्त कर ली।
पुलिस के अनुसार, विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस थाना सांबा की टीम ने सिडको चौक फ्लाईओवर पर नाका लगाया था। इस दौरान पंजीकरण नंबर JK14B-4083 वाली सैंट्रो कार को जांच के लिए रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और मौके से भाग निकला।
पुलिस टीम ने कार का पीछा करते हुए एनएचडब्ल्यू सुपवाल पर दूसरा नाका सक्रिय कराया। यहां भी चालक ने पुलिस से बचने का प्रयास किया और आखिरकार नानके चक ब्रिज के पास कार छोड़कर फरार हो गया।
कार की तलाशी लेने पर उसके अंदर दो मवेशी क्रूरतापूर्वक बांधे हुए पाए गए। पुलिस के मुताबिक, उन्हें बिना किसी वैध अनुमति के अवैध रूप से ले जाया जा रहा था। दोनों मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया और कार को जब्त कर लिया गया।
इस संबंध में पुलिस थाना सांबा में FIR नंबर 252/2026, धारा 223 BNS और 11 PCA Act के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फरार चालक की तलाश भी जारी है।
सांबा पुलिस ने कहा कि गोवंश तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ निगरानी तथा नाका जांच और तेज की जाएगी और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

