नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का बड़ा बयान: किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा
- DSS Admin
- May 15, 2026
बांसवाड़ा, 15 मई (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि इस प्रकरण में शामिल कोई भी आरोपित, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून की पकड़ से बच नहीं सकेगा। शुक्रवार को बांसवाड़ा दौरे के दौरान उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियां इस मामले की गहराई से पड़ताल कर रही हैं और सभी दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
पेपर लीक के मुद्दे पर पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार को घेरते हुए शेखावत ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में पेपर लीक की घटनाएं एक 'पर्व' की तरह आम हो गई थीं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि कोविड काल में भी सरकार ने भेदभाव रहित काम किया और सबसे पहले फ्रंटलाइन वर्कर्स को वैक्सीन सुरक्षा कवच प्रदान किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि यही स्थिति कांग्रेस के समय होती, तो आम जनता से पहले उनके बड़े नेताओं को प्राथमिकता दी जाती।
ईंधन की बढ़ती कीमतों और महंगाई के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने भारत की तुलना वैश्विक बाजार से की। उन्होंने दावा किया कि आज दुनिया के कई देशों के मुकाबले भारत में महंगाई दर और पेट्रोल-डीजल की कीमतें काफी नियंत्रण में हैं। शेखावत ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री की दूरदर्शी नीतियों के कारण ही वैश्विक आर्थिक दबाव के बावजूद देश के आम नागरिकों को राहत मिल रही है।
---------------

