चाकू से गोदकर की महिला की हत्या, हत्यारे की तलाश में जुटी पुलिस

भागलपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। जिले के कजरेली थाना क्षेत्र शाहपुर तमौनी गांव में आंगनबाड़ी सेविका की हत्या चाकू से गोद कर दी गई। घटना को अंजाम मृतका के पूर्व पति रियाजुद्दीन उर्फ राजू ने दिया है। आंगनबाड़ी सेविका बीवी शमसुल निशा (55) है। बताया जा रहा है कि मृतका ने अपने पति रियाजुद्दीन उर्फ राजू से छह महीने पहले तलाक ले लिया था। उसी के गुस्से में पति ने घटना को अंजाम दिया है। मृतका के भतीजा मो मुस्तफा के माने तो मृतका का पति कमाता नहीं था। आए दिन विवाद करता था। इसी गुस्से में मृतका ने उससे तलाक ले लिया।

दोनों पति-पत्नी का घर आमने-सामने है। मंगलवार की सुबह जब आंगनबाड़ी सेविका अपने घर में खाना खा रही थी, तो पति ने चाकू से उनके शरीर पर कई बार हमला किया, जिससे कि वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल अवस्था में परिजन उसे इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में उनकी मौत मौत हो गई। इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में जुटी हुई है। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद पति घर से फरार हो गया है। इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

   

सम्बंधित खबर