छात्राओं को टक्कर मारने का आरोपित दरोगा का बेटा 24 दिन बाद भी फरार, एसपी सिटी बोले जल्द होगा गिरफ्तार

- मामले में अन्य चार आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार करके भेज दिया है जेल

मुरादाबाद, 02 मार्च (हि.स.)। छेड़खानी के विरोध पर छह छात्राओं को कार से टक्कर मारने के मामले में अंतिम आरोपित दरोगा का बेटा दिव्यांशु घटना के 24 दिन बाद भी फरार है। सप्ताह भर पूर्व फरार आरोपित के खिलाफ पॉक्सो कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी कर दिया था। उसके बाद भी वह खाकी की पकड़ से दूर है। इस मामले में अन्य चार आरोपितों को पुलिस गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है। वहीं पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने रविवार को बताया कि फरार पांचवे आरोपित दिव्यांशु की तलाश के लिए पुलिस टीमें जुटी हुई हैं और लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

महानगर के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र की अलग-अलग कॉलोनियों की रहने वाली छह छात्राएं बीती 7 फरवरी को थाना क्षेत्र स्थित शिरडी साईं पब्लिक स्कूल से बोर्ड परीक्षा के प्रवेशपत्र लेकर लौट रही थीं। रामगंगा विहार में गोल्डन गेट ग्लोबल स्कूल के पास खड़ी छात्राएं बातचीत कर रही थीं। इस दौरान कार सवार पांच युवकों ने छात्राओं से छेड़खानी शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपितों ने छात्राओं को कार से रौंद दिया था। टक्कर से एक छात्रा कार की बोनट पर गिर गई थी, जिसे कार दौड़ाने के बाद सड़क पर गिराकर आरोपित भाग निकले थे। सभी छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गई थीं, जिनमें से एक छात्रा की हालत बहुत गंभीर थी, जिसे दिल्ली रेफर किया गया।

सिविल लाइंस के नवीननगर निवासी शगुन सिंह को स्थानीय लोगों ने मौके से दबोच लिया था। पुलिस ने शगुन समेत पांच आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। मौके से भागे चार आरोपितों में से लक्ष्य बवेजा और उदय कौशिक और यश सिरोही को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। एक आरोपित दिव्यांशु 24 दिन बाद भी पुलिस की पकड़ से दूर है। पुलिस ने इस मामले में तीन छात्राओं के बयान दर्ज किए हैं। सिर में गंभीर चोट लगी एक छात्रा को दिल्ली रेफर किया गया था, जहां उसका ऑपरेशन हुआ। उसके साथ ही अन्य छात्राओं की हालत में भी अब सुधार है। बीती 7 फरवरी को हुई घटना के बाद से फरार आरोपित दिव्यांशु की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है, लेकिन सफलता नहीं मिल रही है। गिरफ्तारी नहीं होने पर विवेचक ने पॉक्सो कोर्ट में रिपोर्ट दी। इसके बाद कोर्ट ने दिव्यांशु के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया गया था।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

   

सम्बंधित खबर