मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना: वाराणसी में 34 जोड़ाें ने लिए सात फेरे
- Admin Admin
- Mar 12, 2025

—महापौर ने नव वर-वधुओं पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसा करदिया आशीशाद
-11 मुस्लिम जोड़ों का निकाह कराया गया
वाराणसी,12 मार्च (हि.स.)। जिले के सिगरा स्थित शहीद उद्यान में बुधवार को मांगलिक धुनों के बीच 34 जोड़े सात फेरे लेकर विवाह के बंधन में बंध गए। वहीं,11 मुस्लिम जोड़ाें का निकाह करा कर उनके सफल वैवाहिक जीवन की कामना की गई। महापौर अशोक तिवारी,पार्षदों और नगर निगम के अफसरों ने नवविवाहित जोड़ों पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसा कर उन्हें उपहार दिया। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में आयोजित भव्य कार्यक्रम में कुल 45 जोड़ों का विवाह हुआ। नगर निगम, वाराणसी के सभी जोनल अधिकारियों के माध्यम से वैवाहिक जोड़ों को चिन्हित किया गया था। योजना के अन्तर्गत 51 जोड़ों ने विवाह के लिए अपना पंजीकरण कराया था, परन्तु वैवाहिक कार्यक्रम में 45 जोड़े एवं उनके परिवार के लोग उपस्थित थे। वैवाहिक जोड़ों में 34 हिन्दू एवं 11 मुस्लिम परिवार से हैं। सभी हिन्दू जोड़ों को एक साथ पंडित ने मंत्रोच्चार कर विवाह सम्पन्न कराया। मुस्लिम जोड़ों का मौलवी ने निकाह कराया। विवाह के बाद महापौर ने सभी जोड़ों को प्रमाणपत्र भी दिया। इस अवसर पर महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सर्वसमाज के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं, जिसमें जाति सम्प्रदाय नहीं देखा जाता है, जिसका प्रत्यक्ष उदाहरण मुख्यमंत्री सामूहिक विकास योजना है, जिसमें सभी जाति-धर्म को बराबर का दर्जा दिया जा रहा है। महापौर ने नव विवाहित जोड़ों को मिलजुल कर अपने वैवाहिक जीवन को सुखमय बनाने की अपील भी की। कार्यक्रम में समाज कल्याण अधिकारी ने शासन स्तर से दी जाने वाले उपहार जिसमें कपड़े, साड़ी, बरतन, ट्राली बैग, अर्नामेन्ट इत्यादि का सभी वर-वधुओं में वितरण किया। वैवाहिक कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्षद सुरेश कुमार चौरसिया, अमरदेव यादव, श्यामआसरे मौर्य, सुरेश कुमार, सिन्धु सोनकर, प्रमोद राय, संदीप सिंह रघुवंशी, कुसुम पटेल, पूर्व पार्षद दिनेश यादव ने भी पूरे उत्साह से भागीदारी की। सभी वर -वधुओं को भोजन कराया गया। कार्यक्रम की आयोजक अपर नगर आयुक्त सविता यादव रहीं। कार्यक्रम का संचालन नगर निगम के जनसम्पर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव ने किया। समारोह में जिला समाज कल्याण अधिकारी, वाराणसी, नगर निगम के सभी जोनल अधिकारी आदि भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी