जीजीएम साइंस कॉलेज जम्मू में एनएसएस की ओर से स्वच्छता अभियान आयोजित
- Neha Gupta
- Jun 03, 2026

जम्मू, 03 जून । गवर्नमेंट गांधी मेमोरियल (जीजीएम) साइंस कॉलेज, जम्मू की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा ग्रीष्मकालीन शिविर गतिविधियों के अंतर्गत एक स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों ने कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्रों की सफाई कर स्वच्छता एवं पर्यावरणीय स्थिरता के प्रति लोगों को जागरूक किया। स्वयंसेवकों ने कॉलेज के सहायक कर्मचारियों से संवाद कर उन्हें कचरे के उचित पृथक्करण, सुरक्षित स्वच्छता उपायों, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा स्वच्छ और स्वस्थ परिसर बनाए रखने के महत्व के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को रेखांकित करते हुए नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी पर बल दिया। साथ ही ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2016 के तहत कचरे के स्रोत स्तर पर पृथक्करण, वैज्ञानिक निस्तारण और ‘रिड्यूस, रीयूज और रीसायकल’ (3आर) के महत्व के बारे में भी जागरूक किया।
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) रोमेश कुमार गुप्ता ने स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना करते हुए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण अभियानों में जनभागीदारी को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह कार्यक्रम एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. नेहा शर्मा और डॉ. राहुल कैत के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। उन्होंने स्वयंसेवकों को पर्यावरण जागरूकता और जिम्मेदार अपशिष्ट प्रबंधन के दूत के रूप में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। अभियान का समापन स्वयंसेवकों द्वारा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सेवा को निरंतर बढ़ावा देने की शपथ के साथ हुआ।

