कोकरोच जनता पार्टी के धरने में संस्थापक अभिजीत दीपके धक्का-मुक्की कर हंगामा करने वाले गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
जयपुर, 15 जून (हि.स.)। राजधानी के शहीद स्मारक पर सोमवार को कोकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) द्वारा नीट पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं, शिक्षा व्यवस्था और बढ़ती बेरोजगारी के विरोध में आयोजित धरना-प्रदर्शन के दौरान अचानक हंगामा हो गया। प्रदर्शन के बीच पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके के साथ धक्का-मुक्की की गई और उन्हें थप्पड़ मार दिया गया। घटना के बाद धरनास्थल पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई, हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से हालात पर जल्द ही नियंत्रण पा लिया गया।
धरने में बड़ी संख्या में युवा, विद्यार्थी, अभिभावक, महिलाएं और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी की। कई युवा तिरंगा, संविधान की प्रतियां और “पेपर लीक बंद करो” तथा “मुझे देश से प्यार है, भ्रष्टाचार अस्वीकार है” लिखे पोस्टर लेकर पहुंचे थे। सीजेपी कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक के प्रवेश द्वार पर कॉकरोच का स्केच बनाकर विरोध दर्ज कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अभिजीत दीपके के धरनास्थल पर पहुंचने के दौरान कुछ युवकों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और थप्पड़ मार दिया। इसके बाद समर्थकों और विरोध करने वाले युवकों के बीच कहासुनी व हाथापाई हो गई। कुछ स्थानों पर पत्रकारों और कैमरामैनों के साथ भी धक्का-मुक्की की सूचना मिली। वहीं अफरा-तफरी के बीच कई प्रदर्शनकारियों के मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायतें भी सामने आईं।
जयपुर दक्षिण के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजर्षि राज ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर तैनात पुलिस बल, आरएसी और निर्भया स्क्वॉड ने तुरंत कार्रवाई करते हुए माहौल बिगाड़ने वाले पांच युवकों को हिरासत में लिया। सभी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में रोहित शर्मा (25), राकेश गुर्जर (30), अजय शर्मा (25), कुलदीप सिंह शेखावत (27) और निकेत (21) शामिल हैं। पुलिस इनके बैकग्राउंड और घटना के कारणों की जांच कर रही है। घटना के बाद अभिजीत दीपके ने मंच से कहा कि यह आंदोलन किसी एक संगठन का नहीं, बल्कि देशभर के छात्रों, युवाओं और अभिभावकों की आवाज है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग दोहराते हुए कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
---------------

