राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बादल छाने और हल्की बारिश के बाद बढी सर्दी
- Admin Admin
- Feb 05, 2025
![](/Content/PostImages/75e52a0ecfafeda17a34fc60111c1f0b_2116668316.jpg)
जयपुर, 05 फरवरी (हि.स.)। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से छाए बादलों और हल्की बारिश के बाद सर्दी बढ़ गई है। जोधपुर, धौलपुर, बारां और सिरोही समेत कई जिलों में मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले 2-3 दिनों में प्रदेश के तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है, जिससे सुबह और शाम की सर्दी और अधिक बढ़ने की उम्मीद है।
पिछले 24 घंटों के मौसम की बात करें तो जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग के जिलों में मंगलवार सुबह से दोपहर तक आसमान में बादल छाए रहे। अजमेर, धौलपुर, दौसा और सीकर सहित कई जिलों में दिन के समय हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। बारिश के चलते प्रदेश के सभी शहरों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ, जिससे दिन में ठंडक का अहसास हुआ और हल्की सर्द हवा चलती रही।
मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर के अनुसार मंगलवार को राज्य में कई स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान चित्तौड़गढ़ में 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राज्य के अधिकांश भागों में हवा में आर्द्रता की औसत मात्रा 20 से 70 प्रतिशत के बीच दर्ज की गई। जयपुर और भरतपुर संभागों में बुधवार को कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि शेष संभागों में मौसम शुष्क रहेगा। राज्य में अगले दो-तीन दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट हो सकती है।
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार राजस्थान के प्रमुख शहरों में 4 फरवरी को तापमान में विविधता देखी गई। चित्तौड़गढ़ में दिन का अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सिरोही में न्यूनतम तापमान केवल 11.2 डिग्री सेल्सियस रहा। अजमेर में अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री और न्यूनतम 15.1 डिग्री सेल्सियस रहा। भीलवाड़ा में दिन का तापमान 26.6 डिग्री और रात का 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जयपुर का अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री और न्यूनतम 16.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि पिलानी में यह क्रमशः 24.8 डिग्री और 9.3 डिग्री सेल्सियस रहा। अलवर और सीकर में दिन का तापमान 24 डिग्री और रात का 8.6 डिग्री व 14 डिग्री सेल्सियस रहा।
कोटा में अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री और न्यूनतम 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, उदयपुर में दिन का तापमान 27.3 डिग्री और रात का 14.4 डिग्री सेल्सियस रहा। बाड़मेर और जैसलमेर में क्रमशः 27.4 डिग्री व 11.8 डिग्री और 25.6 डिग्री व 8.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। जोधपुर में अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री और न्यूनतम 14.8 डिग्री सेल्सियस रहा। बीकानेर में यह क्रमशः 25.1 डिग्री और 9.6 डिग्री सेल्सियस रहा। चूरू में अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री और न्यूनतम 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। गंगानगर और धौलपुर में क्रमशः दिन का तापमान 24.4 डिग्री और 24.5 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 8.9 डिग्री और 15.3 डिग्री सेल्सियस रहा। बारां में अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री और न्यूनतम 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हनुमानगढ़ में दिन का तापमान 21 डिग्री और रात का 6.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि जालौर में यह क्रमशः 27 डिग्री और 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सिरोही में अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम 11.2 डिग्री सेल्सियस रहा। फतेहपुर में दिन का तापमान 25.4 डिग्री और रात का 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। करौली में यह क्रमशः 24.4 डिग्री और 13.2 डिग्री सेल्सियस रहा। माउंट आबू में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा। दौसा में दिन का तापमान 24.7 डिग्री और रात का 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर