फरीदाबाद : रेलवे अंडरपास में फंसा कंकरीट मिक्सचर ट्रक, लगा लंबा जाम

फरीदाबाद, 21 अक्टूबर (हि.स.)। ओल्ड रेलवे अंडरपास में सोमवार दोपहर कंकरीट मिक्सचर से लदा ट्रक फंस गया। इसकी ऊंचाई अधिक थी जो बीच में जाकर अंडरपास के लेंटर से भिड़ गया। ट्रक न पीछे हो सका व आगे जा सका और बीच में ही फंसा रहा। सूचना मिलने पर यातायात पुलिस और नगर निगम कर्मचारी आए। मौके से चालक ट्रक को छोडक़र भाग गया था। ट्रक के सभी टायरों की हवा निकाली गई, लेकिन तब भी बात नहीं बनी।

क्रेन मंगाकर इसे खींचने का प्रयास किया गया लेकिन असफल रहा। अंडरपास के दोनों ओर गेट लगा दिए गए और आवागमन बंद कर दिया। दोपहर बाद गैस कटर मंगाया गया, ट्रक की ऊपरी बाडी को काटा गया, तब जाकर वह बाहर आ सका। इस दौरान वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हाईवे से एनआइटी क्षेत्र की कनेक्टिविटी के लिए अंडरपास काफी अहम है। हजारों वाहन चालक आवागमन करते हैं। ओल्ड फरीदाबाद से सेक्टर-21ए,बी, फतेहपुर चंदीला, एनआईटी पांच नंबर, रेलवे रोड सहित सूरजकुंड जाने के लिए वाहन इसी अंडरपास का प्रयोग करते हैं। इसके बंद होने के बाद हाईवे पर अजरौंदा चौक तक यातायात व्यवस्था चरमरा गई। इसका असर नीलम पुल पर भी दिखाई दिया।

इधर एनआईटी की ओर भी हालात खराब हो गए। दोपहर को स्कूली बसों का आना-जाना हुआ तो और मुसीबत खड़ी हो गई। 23 सितंबर को ओल्ड फरीदाबाद रेलवे अंडरपास में वर्षा के बाद हुए जलभराव में दो बैंककर्मियों की मौत हो गई थी। तब यातायात पुलिस ने इसे बंद कर दिया था। छह दिन बाद दोबारा आवागमन शुरू किया गया था। बता दें इससे पहले भी अंडरपास में कई वाहन फंस चुके हैं। ओल्ड फरीदाबाद चौक पर तैनात यातायात पुलिसकर्मी अनिल कुमार ने बताया कि कंकरीट मिक्सचर ट्रक की ऊंचाई अधिक थी। इसलिए इसे अंडरपास में जाने से मना किया था।

रुकने का इशारा करने के बावजूद वह नहीं माना और हाईवे की ओर से एनआईटी की ओर जाने के लिए घुस गया। बीच में जाकर फंस गया। जब पुलिस दौड़ी तो चालक भाग गया। ट्रक के नंबर से इसकी मालिक की पहचान की गई। यह आरएमसी प्लांट का ट्रक था। वहां से दूसरा चालक आया। ट्रक चालक की हरकत की वजह से अंडरपास को अधिक नुकसान हो सकता था। ऊपर से रेलवे ट्रैक है। इसलिए खतरा हो सकता था। इस बारे में जीआरपी को ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए कहा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

   

सम्बंधित खबर