कांग्रेस ने गंग्याल में चलाया संगठन सृजन अभियानए रमन भल्ला ने बेरोजगारी, महंगाई और बिजली संकट को लेकर सरकार पर साधा निशाना
- DSS Admin
- May 18, 2026

जम्मू, 18 मई । जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) जिला जम्मू अर्बन की ओर से बहु विधानसभा क्षेत्र के गंग्याल में रविवार को “संगठन सृजन अभियान” के तहत विशाल कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम जिला अध्यक्ष योगेश साहनी के नेतृत्व में आयोजित हुआ जबकि इसकी अध्यक्षता जेकेपीसीसी के कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला ने की। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री मुला राम, अब्दुल मजीद वानी, पूर्व एमएलसी सुभाष गुप्ता सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए रमन भल्ला ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर में बेरोजगारी, महंगाई और बुनियादी सुविधाओं की बदहाल स्थिति से आम जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षित युवाओं को रोजगार देने में विफल रही है जिससे युवाओं में निराशा बढ़ रही है। भल्ला ने जम्मू शहर और आसपास के क्षेत्रों में खराब सड़कों, पेयजल संकट, अघोषित बिजली कटौती, खराब ड्रेनेज व्यवस्था और सफाई संबंधी समस्याओं को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाएं लगातार देरी का शिकार हो रही हैं जबकि आम लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
बिजली संकट का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन अतिरिक्त बिजली खरीदने के बजाय अघोषित कटौती कर कमी को छिपाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि जम्मू क्षेत्र में 450 से 500 मेगावाट बिजली की कमी है और विभिन्न ग्रिड स्टेशनों से रात के समय बड़े पैमाने पर बिजली कटौती की गई। रमन भल्ला ने बढ़ते नशे के खतरे पर भी चिंता जताते हुए कहा कि युवाओं का भविष्य दांव पर लगा है और नशा तस्करी रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की जरूरत है।
पूर्व मंत्री मुल्ला राम ने महंगाई और बढ़ती कीमतों से गरीब, मजदूर और किसान वर्ग पर पड़ रहे असर का मुद्दा उठाया।
वहीं पूर्व मंत्री अब्दुल मजीद वानी ने सांप्रदायिक सौहार्द, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक एकता को मजबूत करने पर जोर दिया। जिला अध्यक्ष योगेश साहनी ने कहा कि संगठन सृजन अभियान का उद्देश्य पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और जनता से सीधा संवाद स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी। कार्यक्रम के अंत में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।

