कांग्रेस ने फूका नाबालिग से दुष्कर्म व अपहरण के आरोपित भाजयुमो नेता का पुतला
- Admin Admin
- Oct 16, 2025
नैनीताल, 16 अक्टूबर (हि.स.)। नगर कांग्रेस कमेटी नैनीताल ने नगर की 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को भगाने व दुष्कर्म करने के आरोपित भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता तथा भाजयुमो के पूर्व जिला मंत्री एवं पूर्व मंडल महामंत्री देवेंद्र सिंह बगड़वाल के विरुद्ध तल्लीताल डांठ पर प्रदर्शन कर उसका पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने शासन-प्रशासन से आरोपित के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की।
इस अवसर पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम कबडवाल ने कहा कि “बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ” का नारा देने वाली पार्टी के एक सक्रिय कार्यकर्ता द्वारा नाबालिग बालिका के उत्पीड़न की घटना पूरे प्रदेश व नगर के लिए अत्यंत शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि इससे नैनीताल जैसे शांत और पर्यटन केंद्र की छवि को ठेस पहुंची है।
प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि पूर्व में भी इस प्रकार की घटनाओं में आरोपितों के विरुद्ध पार्टी स्तर पर कार्रवाई नहीं की गयी, जिससे ऐसे तत्वों के हौसले बढ़े हैं। कांग्रेस जनों ने कहा कि प्रदेश में लगातार महिला उत्पीड़न की घटनाओं में भाजपा नेताओं की संलिप्तता सामने आना चिंताजनक है।
प्रदर्शन में पूर्व पालिका अध्यक्ष मुकेश जोशी, जेके शर्मा, मोहन कांडपाल, पप्पू कर्नाटक, पूर्व दायित्वधारी रईस भाई, राजेंद्र मनराल, राजेंद्र व्यास, पूर्व ज्येष्ठ उप प्रमुख हिमांशु पांडे, भुवन बिष्ट, दिनेश उपाध्याय, नासिर खां, जयंत उप्रेती, सुनीता आर्य, रेनू कोहली, गीता मंडल, कैलाश अधिकारी, बंटू आर्या, ललित चनियाल, राहुल पुजारी, समतुल्ला, सूरज पांडे, पंकज बिष्ट, अंकित चंद्रा, शुभम बिष्ट, गौरव कुमार, फैजान, विनोद परिहार, अमन तिवारी, मोहम्मद जुनैद, विक्की राज, अमन महेंद्रा, सूजल सहदेव, विक्की जोशी, ललित बोरा आदि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी



