उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर कांग्रेस ने जताया शोक

नई दिल्ली, 10 अक्टूबर (हि.स.)। मशहूर उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गहरा शोक जताया है।

खरगे ने गुरुवार को एक्स पर अपनी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा कि रतन टाटा के निधन से हमने भारत के एक अमूल्य सपूत को खो दिया है। एक ऐसे परोपकारी व्यक्ति जिनकी भारत के समावेशी विकास और प्रगति के प्रति प्रतिबद्धता सर्वोपरि थी। टाटा ईमानदारी और नैतिक नेतृत्व के पर्याय थे। वे लाखों लोगों के लिए एक प्रेरणा और आदर्श थे। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में भरपूर योगदान दिया। उनके प्रियजनों और प्रशंसकों के प्रति हमारी संवेदनाएं।

राहुल गांधी ने कहा कि रतन टाटा एक दूरदर्शी व्यक्ति थे। उन्होंने व्यवसाय और परोपकार दोनों पर एक अमिट छाप छोड़ी है। उनके परिवार और टाटा समुदाय के प्रति मेरी संवेदनाएं।

कांग्रेस की ओर से एक्स पोस्ट में कहा गया कि कांग्रेस रतन टाटा के निधन पर बहुत दुखी है। वे भारतीय उद्योग जगत के दिग्गज और परोपकारी व्यक्ति थे, जिन्होंने भारत के कॉर्पोरेट परिदृश्य को आकार दिया। उनकी ईमानदारी और करुणा कॉर्पोरेट्स, उद्यमियों और भारतीयों की भावी पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिरंचि सिंह

   

सम्बंधित खबर