होर्डिंग पर निगम की सख्त कार्रवाई, 120 से ज्यादा अवैध होर्डिंग हटाए गए

धमतरी, 17 अप्रैल (हि.स.)। नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख चौक चौराहों के अलावा वार्डों की गलियों में गैर कानूनी तरीके से लगाए गए होर्डिंग पोस्टर को निकाला जा रहा है। निगम ने दूसरे दिन गुरुवार को भी अभियान चलाकर शहर के अलग-अलग स्थानों में कार्रवाई की।

नगर निगम क्षेत्र में निगम द्वारा अवैध होर्डिंग पोस्टर को निकाला जा रहा है, साथ ही जिम्मेदारों को निर्देशित भी किया जा रहा है कि फिर से पोस्टर दिखाई दिए तो संबंधितों पर कार्रवाई की जाएगी। शहर को सुंदर, व्यवस्थित और विज्ञापन मुक्त बनाने की दिशा में नगर निगम ने अवैध होर्डिंग़ और फ्लैक्स के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। निगम की टीम ने लगातार दूसरे दिन कार्यवाही करते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से करीब 120 से ज्यादा अवैध होर्डिंग हटाए। इस अभियान की शुरुआत सिहावा चौक से की गई, जो अर्जुनी चौक और नहर नाका चौक तक चली। इस कार्यवाही में निगम की अतिक्रमण शाखा, राजस्व शाखा की संयुक्त टीम शामिल रही। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि अवैध रूप से लगाए गए फ्लैक्स, होर्डिंग और पोस्टर्स न केवल शहर की सुंदरता को बिगाड़ते हैं, बल्कि ट्रैफिक व्यवस्था में भी बाधा डालते हैं। साथ ही ये सार्वजनिक संपत्ति पर अवैध कब्जा करने के समान हैं। टीम ने पहले से चिन्हांकित होर्डिंग को हटाया और कुछ स्थानों पर मौके पर ही जेसीबी मशीन की मदद से बड़े-बड़े फ्लैक्स भी हटाए गए।

उपायुक्त पीसी सार्वा में कहा कि जिन लोगों ने बिना अनुमति या तय मापदंडों के विरुद्ध होर्डिंग और फ्लैक्स लगाए हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, दोहराया कि नियमों के अंतर्गत होर्डिंग लगाने के लिए निगम से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य है। इसके उल्लंघन पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है। इस अभियान के तहत अर्जुनी चौक और नहर नाका चौक क्षेत्र को विशेष रूप से टारगेट किया गया, क्योंकि इन क्षेत्रों में अवैध फ्लैक्स और होर्डिंग की संख्या काफी अधिक है। नगर निगम की टीम ने अंत में चेतावनी दी कि यदि कोई दोबारा अवैध होर्डिंग लगाते पाया गया, तो उसके विरुद्ध आर्थिक दंड के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

   

सम्बंधित खबर