नैनीताल में निजी टैक्सी वाहनों के अवैध संचालन पर सख्ती, नियमित चेकिंग के निर्देश
- DSS Admin
- May 13, 2026
नैनीताल, 13 मई (हि.स.)। नगर पालिका क्षेत्र में निजी वाहनों के अवैध रूप से टैक्सी के रूप में संचालन पर रोक लगाने के लिए कुमाऊँ आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सख्त निर्देश जारी किए हैं। आयुक्त ने नियमित चेकिंग अभियान चलाकर ऐसे वाहनों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि संज्ञान में आया है कि नैनीताल नगर क्षेत्र में कई निजी वाहन नियमों के विपरीत टैक्सी के रूप में संचालित किए जा रहे हैं, जो पूरी तरह अवैध है। उन्होंने कहा कि ऐसे वाहनों से दुर्घटना होने की स्थिति में यात्रियों को बीमा एवं मुआवजा जैसी सुविधाओं का लाभ नहीं मिल सकेगा, जिससे यात्रियों की सुरक्षा भी प्रभावित होती है।
उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया कि अगले 15 दिनों तक विशेष अभियान चलाकर टैक्सी के रूप में संचालित हो रहे निजी वाहनों की जांच की जाए तथा उनके चालान के साथ वाहन स्वामियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए। प्रशासन की इस कार्रवाई को नैनीताल में यातायात व्यवस्था और यात्री सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

