दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और मुख्यमंत्रियों ने दी बधाई

नई दिल्ली, 8 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मिली ऐतिहासिक जीत पर देशभर से पार्टी के शीर्ष नेताओं और पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने बधाई दी। उन्होंने कहा कि जीत के बाद डबल इंजन की सरकार दिल्ली के विकास को नई गति प्रदान करेगी।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि 'आप-दा' सरकार ने दिल्ली में भ्रष्टाचार, कुशासन, और तुष्टिकरण की सारी सीमाएं लांघ दी थीं। आज दिल्ली उनके झूठ, छल और प्रपंच से मुक्त होकर प्रगति और प्रतिष्ठा के नए युग में अपनी यात्रा आरंभ कर रही है। यह जनादेश 'विकसित दिल्ली-विकसित भारत' के हमारे संकल्प को साकार स्वरूप प्रदान करेगा।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि लगभग 27 साल बाद दिल्ली की जनता ने भाजपा को अपना विश्वास और आशीर्वाद दिया है। इसके लिए दिल्ली की जनता के प्रति वे अपना आभार व्यक्त करता हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए विकसित दिल्ली अति आवश्यक है। इस जीत के बाद डबल इंजन की सरकार दिल्ली के विकास को नई गति को बुलंदी प्रदान करेगी।

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि दिल्ली में भाजपा को मिली ऐतिहासिक जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चहुंमुखी विकास पर जनता ने मोहर लगाई है। दिल्ली में विकास, सुशासन और सबका साथ, सबका विकास के मूलमंत्र के साथ सबको लेकर हम विकास के हाईवे पर आगे बढ़ रहे है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि दिल्ली की जनता का यह जनादेश आआपा और उसके नेताओं के व्यापक भ्रष्टाचार, कुशासन और लूट के खिलाफ है। इस बड़ी सफलता के पीछे दिल्ली के लोगों के कल्याण के भाजपा कार्यकर्ताओं के कठिन प्रयास हैं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह विजय प्रधानमंत्री के नेतृत्व और उनकी सर्वहितग्राही, लोक-कल्याणकारी और समग्र उत्थान को समर्पित विकासपरक नीतियों पर दिल्ली वासियों के विश्वास की मुहर है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कहा कि केजरीवाल ने हरियाणा की मिट्टी को अपमानित करने का काम किया,वो जब हरियाणा के नहीं हुए तो दिल्ली के कैसे होते।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि ‘आप-दा’ व कांग्रेस की असलियत को जनता जान गई है और आज उनके फैलाये कीचड़ में भी कमल खिला है।

उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह स्वर्णिम विजय देवतुल्य जनता द्वारा घोटालों में डूबी भ्रष्ट ‘आप-दा’ सरकार की नीतियों को नकारते हुए भाजपा की विकास और अन्त्योदय की विचारधारा को समर्पित है। यह स्पष्ट जनादेश दिल्ली के सर्वांगीण और सर्वस्पर्शी विकास का मार्ग प्रशस्त करने वाला है।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि केजरीवाल के झूठे वादों से दिल्ली की जनता परेशान थी। दिल्ली की जनता ने मोदी की गारंटी पर विश्वास किया है। झूठ अधिक दिनों तक नहीं चलता है।

असम के मुख्यमंत्री हिमन्त विश्व शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और भाजपा कार्यकर्ताओं के परिश्रम से जनता का यह अपार आशीर्वाद प्राप्त हुआ। मोदी के पथप्रदर्शन और मार्गदर्शन से अब डबल इंजन सरकार देश की राजधानी को विश्व के बेहतरीन शहरों में शुमार करेगी।

राज्यस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर जनता ने एक बार फिर विश्वास जताया है। दिल्ली के चुनाव परिणाम यह बता रहे हैं कि जनता का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर विश्वास है। वहां के लोगों ने डबल इंजन की सरकार पर भरोसा जताया है। दिल्ली की जनता समझ चुकी है कि यदि दिल्ली का कोई विकास कर सकता है तो वह सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ही कर सकती है।

उन्होंने कहा कि अब दिल्ली का विकास और तेजी से होगा। अन्य राज्यों में जिस तरह से विकास हो रहा है, उसी तरह से दिल्ली में भी विकास गति पकड़ेगा।

उल्लेखनीय है कि भाजपा ने दिल्ली में अपने 27 सालों का सूखा दूर किया है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों में से 48 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी और 22 सीटों पर आम आदमी पार्टी ने जीत दर्ज की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

   

सम्बंधित खबर