ग्रामीणों ने की प्रधानमंत्री आवास योजना के नए सर्वे और रोजगार सहायक को हटाने की मांग
- DSS Admin
- Jun 30, 2026
धमतरी, 30 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत दोबारा सर्वे कराने तथा ग्राम रोजगार सहायक को हटाने की मांग को लेकर ग्राम जोरातराई (अ), ग्राम पंचायत जोरातराई (अ), जनपद पंचायत कुरूद के ग्रामीण मंगलवार को कलेक्ट्रेट जनदर्शन पहुंचे।
ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया कि आवास योजना के सर्वे में व्यापक अनियमितताएं बरती गई हैं। उनका कहना है कि 24 जून 2026 को आयोजित ग्राम सभा में ग्रामीणों की आपत्तियों को नजरअंदाज किया गया और उनकी बात नहीं सुनी गई। ज्ञापन में बताया गया कि नए आवास सर्वे में 196 लोगों के नाम शामिल किए गए हैं, जिनमें कई ऐसे लोग हैं जिनके पक्के दो मंजिला मकान पहले से बने हुए हैं। साथ ही एक ही संयुक्त परिवार के तीन-चार सदस्यों के नाम भी सूची में शामिल किए गए हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पैसे लेकर सर्वे किया गया, जिसके कारण जरूरतमंदों की बजाय संपन्न लोगों के नाम सूची में दर्ज हुए। उन्होंने यह भी कहा कि मतदाता सूची में नाम नहीं होने के बावजूद कुछ लोगों को सर्वे सूची में शामिल किया गया है, जबकि कई पात्र हितग्राहियों के नाम सर्वे और पंचायत की सूची में अलग-अलग पाए गए हैं। ज्ञापन में रोजगार सहायक पर अभद्र व्यवहार करने, मनरेगा में नए नाम नहीं जोड़ने, जॉब कार्ड बनाने के लिए पैसे लेने, पंचायत में अनियमित रूप से आने तथा एक मेट के माध्यम से पूरा काम कराने और जमीन दलाली करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की भौतिक जांच कराकर प्रधानमंत्री आवास योजना का नए सिरे से निष्पक्ष सर्वे कराने तथा रोजगार सहायक को हटाने की मांग की है। जइस अवसर पर चेतना, कु. रेखा, धनेश्वरी, दामिनी, जितेश्वरी, सोनम, कुन्ता, गायत्री, पार्वती, तोरण, लोख, पुनम, संगीता, रजनी, दुर्गा, मलाबाई, राजकुमारी, अंजना, गिरिजा, मालती, रेखाबाई, ओमित, तुकेश्वरी, भारती, अशोक पाल, संजय, यशवंत, योतीराम, कुशराज, मनोज कुमार साहू, मिथलेश साहू, कीर्तन, धनाय, शुमा तारक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

