देवरिया में 20 मई को नहीं होगी दवा बंदी, मरीज हित में खुले रहेंगे मेडिकल स्टोर

देवरिया, 18 मई (हि.स.)। आगामी 20 मई को प्रस्तावित दवा बंदी को लेकर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन देवरिया की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को कैंप कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने मरीजों एवं आम जनता के हित को ध्यान में रखते हुए दवा बंदी से अलग रहने का निर्णय लिया। संगठन ने स्पष्ट किया कि जिले की सभी दवा दुकानें 20 मई को प्रतिदिन की तरह खुली रहेंगी, जिससे मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए संगठन के अध्यक्ष रणजीत सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ा दवा व्यवसाय आम जनता की जरूरतों से सीधा संबंध रखता है। ऐसे में बंदी करने से सबसे अधिक परेशानी मरीजों और उनके परिजनों को होगी। उन्होंने कहा कि संगठन ने मरीज हित को ध्यान में रखते हुए बंदी न किए जाने का फैसला लिया है।

महामंत्री अनिल गुप्ता ने कहा कि दवा व्यापार की वर्तमान समस्याओं का मुख्य कारण ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर चल रही अनैतिक डिस्काउंट व्यवस्था और ई-फार्मेसी का बढ़ता प्रभाव है। उन्होंने सरकार से इस व्यवस्था पर सख्त कानून बनाने की मांग की। साथ ही यह भी कहा कि बंदी इसका उचित समाधान नहीं है।

संयुक्त मंत्री हिमांशु कुमार सिंह ने बैठक का संचालन करते हुए नकली और अधोमानक दवाओं की बढ़ती बिक्री पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बाजार में फर्जी और घटिया दवाओं का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है, जो मरीजों की जान के लिए खतरा बन सकता है। वक्ताओं ने कहा कि मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नकली दवाओं के खिलाफ लगातार अभियान चलाने की आवश्यकता है।

बैठक में अजय जायसवाल, सत्येंद्र शुक्ला, राकेश सिंह, महेंद्र भगवानी, राजेश अग्रवाल, अजय अग्रवाल, जगजीत सिंह सलूजा, पीयूष जायसवाल, नरेंद्र मिश्रा, दीपक गुप्ता, संजय जायसवाल, अरविंद सिंह, रामनयन प्रजापति, भीम प्रजापति, गयासुद्दीन अंसारी सहित कई सदस्य मौजूद रहे।

---------

   

सम्बंधित खबर