दुर्गापुर-फरीदपुर के सरपी इलाके में बिना नोटिस के 31 श्रमिकों की छंटनी, कारखाने के गेट पर प्रदर्शन
- DSS Admin
- Jun 22, 2026
पश्चिम बर्दवान, 22 जून (हि. स.)। बिना किसी पूर्व नोटिस के 31 श्रमिकों को काम से हटाए जाने के आरोप को लेकर दुर्गापुर फरीदपुर ब्लॉक के सरपी इलाके स्थित एक निजी इस्पात कारखाने में तनाव का माहौल बन गया। अचानक रोजगार छिनने से श्रमिकों और उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। सोमवार को नौकरी वापस दिलाने की मांग को लेकर श्रमिक अपने परिवार के साथ कारखाने के गेट के सामने धरना और विरोध प्रदर्शन किया।
आरोप है कि विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने के अगले ही दिन कारखाना प्रबंधन ने 31 श्रमिकों को काम से बाहर कर दिया।
इस आंदोलन में श्रमिकों के समर्थन में माकपा से जुड़ा श्रमिक संगठन सीटू भी नजर आया। आंदोलनकारी श्रमिकों का कहना है कि वे किसी राजनीतिक दल से जुड़े नहीं हैं, फिर भी अचानक उन्हें काम से हटा दिया गया और इसकी कोई स्पष्ट वजह नहीं बताई गई।
श्रमिक अजय बाउरी और सुभाष रुईदास ने बताया कि वर्षों से काम करने के बावजूद बिना किसी नोटिस के उन्हें बाहर कर दिया गया, जिससे उनके परिवार के भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है।
सीटू नेता रंजीत मुखर्जी ने आरोप लगाया कि राजनीतिक उद्देश्य से गरीब श्रमिकों के साथ अन्याय किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की शिकायत कारखाना मालिक हिमांशु बंसल और प्रशासन के विभिन्न विभागों में की गई है।
जानकारी के अनुसार, हटाए गए कई श्रमिक लंबे समय से इस कारखाने में काम कर रहे थे। श्रमिकों को दोबारा काम पर नहीं लिया गया तो आने वाले दिनों में बड़े आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।
हालांकि, इस पूरे मामले पर अब तक कारखाना प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
---------------

