दक्षिण बंगाल में आंधी-बारिश की संभावना, कोलकाता में भी राहत के आसार

कोलकाता, 19 मई (हि.स.)। भीषण गर्मी से जूझ रहे दक्षिण बंगाल के लोगों को जल्द कुछ राहत मिल सकती है। भारतीय मौसम विभाग के अलीपुर मौसम कार्यालय ने मंगलवार को बताया कि दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश की संभावना है। कोलकाता में भी मंगलवार की शाम के बाद बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार कई जिलों में कालबैशाखी (आंधी-तूफान) चलने की भी संभावना है। हालांकि बारिश के बावजूद इस सप्ताह उमस और गर्मी से निजात मिलने की उम्मीद कम है।

मंगलवार सुबह से कोलकाता में कभी तेज धूप तो कभी बादल छाए रहे। सुबह से ही उमस भरी गर्मी के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग के अनुसार शहर का न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक है। वहीं अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, जो सामान्य से करीब 0.1 डिग्री ज्यादा है।

मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। खासकर नदिया, पूर्व बर्धमान और बीरभूम समेत कई जिलों में अगले 48 घंटों के भीतर कालबैशाखी आने की संभावना अधिक है।

हालांकि बारिश के बावजूद दक्षिण बंगाल के पश्चिमी हिस्सों के कुछ जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

जहां दक्षिण बंगाल में गर्मी बनी हुई है, वहीं उत्तर बंगाल में झमाझम बारिश की संभावना बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को दार्जिलिंग से लेकर मालदा तक कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है।

इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने का भी अनुमान है।

---------------

   

सम्बंधित खबर