मेरिट सूची में नाम देखते ही खिल उठे विद्यार्थियों के चेहरे, धमतरी के कॉलेजों में प्रवेश शुरू
- DSS Admin
- Jul 06, 2026
धमतरी, 06 जुलाई (हि.स.)। जिले के शासकीय महाविद्यालयों में सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। पहली मेरिट सूची जारी होते ही कॉलेज परिसरों में छात्र-छात्राओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सूचना पटल पर अपना नाम देखते ही चयनित विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलकने लगी, वहीं जिनका नाम सूची में नहीं आया, वे दूसरी मेरिट सूची का इंतजार करते नजर आए।
जिले के सबसे बड़े एवं बहु-संकाय वाले बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हर वर्ष की तरह इस बार भी प्रवेश को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह है। धमतरी के साथ-साथ आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं यहां प्रवेश के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं शासकीय नारायण राव मेघावाले कन्या महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अनिता राजपुरिया ने साेमवार काे बताया कि प्रथम मेरिट सूची जारी कर दी गई है। चयनित छात्राओं को निर्धारित तिथि के भीतर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रवेश लेना अनिवार्य होगा।
84.60 प्रतिशत तक पहुंचा कटऑफ पहली मेरिट सूची में कई पाठ्यक्रमों का कटऑफ ऊंचा रहा। कन्या महाविद्यालय में बीएससी (बायो) का सामान्य वर्ग कटऑफ 84.60 प्रतिशत रहा, जबकि बीकॉम और बीएससी (गणित) में 78.60 प्रतिशत दर्ज किया गया। इसी प्रकार पीजी कॉलेज में बीसीए का कटऑफ 83.20 प्रतिशत, बीएससी गणित 82.20 प्रतिशत तथा बीएससी बायो 80.20 प्रतिशत रहा। अन्य पाठ्यक्रमों में भी मेरिट के आधार पर प्रवेश दिए जा रहे हैं। कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रथम चरण की प्रवेश प्रक्रिया 10 जुलाई तक पूरी की जाएगी। इसके बाद रिक्त सीटों के अनुसार अगली मेरिट सूची जारी की जाएगी।

