धमतरी के साेरिद वार्ड में 11 लाख से अधिक की नाली निर्माण योजना का हुआ भूमिपूजन
- DSS Admin
- May 25, 2026
धमतरी, 25 मई (हि.स.)। नगर पालिक निगम धमतरी के सोरिद वार्ड में लंबे समय से चली आ रही जलनिकासी की समस्या अब दूर होने जा रही है। वार्ड में 11.64 लाख रुपये की लागत से बनने वाली नाली निर्माण योजना का भूमिपूजन महापौर रामू रोहरा ने किया। यह नाली रामकुमार सिन्हा के घर से आंगनबाड़ी तक बनाई जाएगी, जिससे क्षेत्र में जलभराव, कीचड़ और गंदगी की समस्या से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम में निगम सभापति कौशिल्या देवांगन और लोकनिर्माण विभाग के सभापति विजय मोटवानी विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में वार्डवासी शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और जनसहभागिता का माहौल देखने को मिला। महापौर रामू रोहरा ने कहा कि नगर निगम शहर के हर वार्ड में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि नाली निर्माण कार्य पूरा होने के बाद बारिश के दिनों में लोगों को जलभराव और गंदगी जैसी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से विकास कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। कौशिल्या देवांगन ने कहा कि वार्डवासियों की मांग और जरूरत को देखते हुए इस महत्वपूर्ण निर्माण कार्य को स्वीकृति दी गई है। निगम प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समन्वय से विकास कार्य लगातार आगे बढ़ रहे हैं और जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। विजय मोटवानी ने कहा कि शहर के विकास में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की भागीदारी बेहद जरूरी है। मूलभूत सुविधाओं के विस्तार से लोगों का जीवन स्तर बेहतर होता है और क्षेत्र का समग्र विकास संभव हो पाता है। कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य अखिलेश सोनकर, पार्षद हेमंत बंजारे, कुलेश सोनी, आशा नंदू लोधी और पूर्व पार्षद रामखिलावन कंवर सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।

