जलालाबाद में गेहूं से लदा ट्रक खेत में पलटा:बाइक सवार को रास्ता देते समय हुआ हादसा, बाल बाल बची ड्राइवर की जान
- DSS Admin
- May 08, 2026
जलालाबाद के गांव जैमलवाला की मंडी से गेहूं की बोरियां लेकर जा रहा एक ट्रक लिंक रोड पर हादसे का शिकार हो गया। गेहूं से लदा ट्रक सड़क किनारा धंसने के कारण खेतों में पलट गया। हादसे में ड्राइवर बाल-बाल बच गया, लेकिन ट्रक को भारी नुकसान पहुंचा और गेहूं की बोरियां खेत में बिखर गईं। जानकारी के अनुसार ट्रक गांव जैमलवाला मंडी से गेहूं की बोरियां लोड करके सुहेलेवाला गोदाम की ओर जा रहा था। इसी दौरान लिंक रोड पर पीछे से आ रहे एक बाइक ड्राइवर को रास्ता देने की कोशिश में हादसा हो गया। ट्रक ड्राइवर सतनाम सिंह ने बताया कि बाइक सवार लगातार साइड देने के लिए कह रहा था। ड्राइवर सुरक्षित जब उन्होंने ट्रक को थोड़ा और सड़क किनारे की तरफ किया तो सड़क का किनारा दब गया और ट्रक संतुलन खोकर खेत में पलट गया। हादसे के बाद ट्रक में भरी गेहूं की बोरियां खेत में बिखर गईं। ड्राइवर ने बताया कि गनीमत रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन ट्रक को लाखों रुपए का नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि अब उन्हें खेत में बिखरी गेहूं की बोरियों की रखवाली करनी पड़ रही है ताकि कोई उन्हें उठा न ले जाए। ट्रक ड्राइवर ने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि इस लिंक रोड की हालत सुधारी जाए या वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।

