बंगाईगांव रिफाइनरी का 'स्वच्छता पर चर्चा' कार्यक्रम आयोजित

बोंगाईगांव रिफाइनरी द्वारा 'स्वच्छता पर चर्चा' कार्यक्रम का आयोजन

बंगाईगांव (असम), 05 जुलाई (हि.स.)। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) की बंगाईगांव रिफाइनरी द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत स्वच्छता हर किसी की जिम्मेदारी है विषय पर चिरांग जिले के बरतोलवा बाजार में 'स्वच्छता पर चर्चा', स्वच्छता शपथ, श्रमदान एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता, व्यक्तिगत स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण तथा सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से स्वच्छ भारत के संकल्प को सशक्त बनाना था।

कार्यक्रम में चिरांग के विलेज काउंसिल डेवलपमेंट कमेटी (वीसीडीसी) के अध्यक्ष, काजलगांव नगर पालिका बोर्ड के उपाध्यक्ष, वार्ड आयुक्त, बारटोला बाजार समिति के पदाधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वच्छता शपथ के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित सभी लोगों ने अपने घर, कार्यस्थल, बाजार तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

इसके उपरांत आयोजित 'स्वच्छता पर चर्चा' में वक्ताओं ने स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने, कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन, स्रोत स्तर पर कचरे के पृथक्करण, एकल-उपयोग प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने की आवश्यकता पर विस्तार से विचार व्यक्त किए। उपस्थित अतिथियों ने बंगाईगांव रिफाइनरी द्वारा स्वच्छता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के इस प्रयास की सराहना करते हुए स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों से बाजार परिसर को नियमित रूप से स्वच्छ रखने और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

स्वच्छ जीवनशैली एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से कार्यक्रम के दौरान स्थानीय दुकानदारों एवं नागरिकों के बीच जूट के थैलों का वितरण किया गया, ताकि वे प्लास्टिक थैलों के स्थान पर पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों का उपयोग करें। साथ ही, साबुनों का वितरण कर व्यक्तिगत स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत रिफाइनरी के अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, बाजार समिति के सदस्यों तथा स्थानीय नागरिकों ने संयुक्त रूप से श्रमदान कर बाजार परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। इस सामूहिक प्रयास ने यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।

बाजार क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से डस्टबिन तथा पर्यावरण-अनुकूल हरे बांस से निर्मित डस्टबिन भी उपलब्ध कराए गए, जिससे कचरे के उचित संग्रहण एवं निस्तारण को बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम की एक विशेष पहल के रूप में अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान रीसाइकिल प्लांटर भेंट कर किया गया। यह सम्मान पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों के पुनः उपयोग तथा सतत विकास के प्रति इंडियन ऑयल की प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा।

बंगाईगांव रिफाइनरी द्वारा आयोजित इस प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रम स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। रिफाइनरी स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के दौरान विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से समाज में स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित वातावरण के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है।

   

सम्बंधित खबर