सूरजपुर : जनदर्शन में दिव्यांग परशुराम तिवारी को मिली निःशुल्क मोटराइज्ड ट्राई साइकिल
- DSS Admin
- Jul 06, 2026
सूरजपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। सोमवार को आयोजित जनदर्शन में जिला प्रशासन ने एक बार फिर त्वरित कार्रवाई का उदाहरण प्रस्तुत किया। जनदर्शन में कुल 85 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। इसी दौरान विकासखंड प्रतापपुर के ग्राम बगड़ा कोटेया निवासी दिव्यांग परशुराम तिवारी को कलेक्टर के निर्देश पर तत्काल निःशुल्क मोटराइज्ड ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई गई, जिससे उनके चेहरे पर मुस्कान लौट आई।
समाज कल्याण विभाग के अनुसार परशुराम तिवारी 80 प्रतिशत दिव्यांग हैं और चलने-फिरने में उन्हें काफी कठिनाई होती थी। वे अपनी समस्या लेकर जनदर्शन पहुंचे और मोटराइज्ड ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने का आवेदन प्रस्तुत किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देश के बाद समाज कल्याण विभाग ने बिना विलंब किए परशुराम तिवारी को निःशुल्क मोटराइज्ड ट्राई साइकिल उपलब्ध करा दी। सहायता मिलने के बाद उन्होंने जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें आवागमन और दैनिक कार्यों में काफी सुविधा मिलेगी तथा वे पहले की अपेक्षा अधिक आत्मनिर्भर जीवन जी सकेंगे।
समाज कल्याण विभाग के उप संचालक आलोक भवाल ने बताया कि शासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि पात्र दिव्यांगजन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और सहायक उपकरणों का लाभ लेकर अपने जीवन को अधिक आत्मनिर्भर और सम्मानजनक बना सकते हैं।

