दिल्ली सचिवालय में सिक्किम दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दी शुभकामनाएं

दिल्ली सचिवालय में सोमवार को सिक्किम दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम को देखती मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

नई दिल्ली, 18 मई (हि.स.)। दिल्ली सचिवालय में सोमवार को सिक्किम दिवस के परिप्रेक्ष्य में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रदेश एवं देशवासियों को सिक्किम दिवस की शुभकामनाएं दीं।

आयोजन में सिक्किम के लोक नृत्य सिंघी छाम, खम्पा, तामांग सेलो, मास्क डांस की मनमोहक प्रस्तुति ने दर्शकों को मन्त्रमुग्ध किया। नृत्य के जरिये प्रकृति एवं देवताओं की आराधना की गई। गीत-संगीत के इस आयोजन में 10 कलाकारों ने शानदार प्रदर्शन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिक्किम प्राकृतिक सौंदर्य, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक विविधता का अद्भुत उदाहरण है। हिमालय की गोद में स्थित यह राज्य जैविक खेती को पूर्ण रूप से अपनाने वाला भारत का पहला पूर्ण ऑर्गेनिक राज्य है, जिसने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में पूरे देश को नई दिशा दी है। सिक्किम ने सदैव शांति, विकास और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण, जैविक कृषि तथा राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में सिक्किम का योगदान अत्यंत प्रेरणादायक है। दिल्ली सचिवालय में आयोजित इस कार्यक्रम में सिक्किम की लोक संस्कृति, परंपराओं और विकास यात्रा को प्रदर्शित किया गया। उपस्थित लोगों ने सिक्किम की सांस्कृतिक झलकियों और राष्ट्रीय योगदान की सराहना की।

कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ संकल्प की दिशा में दिल्ली सरकार सभी राज्यों के स्थापना दिवस व त्योहारों का आयोजन कर रही है। आयोजनों से देश की विविध सांस्कृतिक पहचान को प्रोत्साहन मिल रहा है और इससे नई पीढ़ी अवगत हो रही है। कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग की ओर से साहित्य कला परिषद ने कार्यक्रम का आयोजन किया। आयोजन में बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर