दहेज उत्पीड़न से तंग महिला छत से कूद कर दी जान, पति और ससुर गिरफ्तार
- DSS Admin
- May 18, 2026
नोएडा, 18 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले में नोएडा के थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने दहेज उत्पीड़न से तंग आकर अपने घर की छत से छलांग लगाकर आत्महत्या कर लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पिता की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस मामले में पुलिस ने महिला के पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस उपायुक्त जोन द्वितीय शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस थाना ईकोटेक- तीन क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जलपुरा निवासी ऋतिक पुत्र मनोज की शादी दीपिका पुत्री संजय उम्र 24 वर्ष से डेढ़ वर्ष पूर्व हुई थी। उन्होंने बताया कि बीती रात को दीपिका ने अपने घर की छत से छलांग लगाकर आत्महत्या कर लिया है। उन्होंने बताया कि आज सोमवार की सुबह दीपिका के पिता संजय ने थाने में शिकायत की है कि उसके पति ऋतिक, ससुर मनोज आदि के उत्पीड़न के चलते बेटी ने आत्महत्या किया है। उनका आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने के चलते उनकी बेटी का लगातार उत्पीड़न किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। डीसीपी ने बताया कि पुलिस ने आरोपित पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
---------------

