आरक्षी भर्ती परीक्षा के लिए बनाए गए परीक्षा केंद्रों का डीएम एसपी ने किया निरीक्षण
- DSS Admin
- Jun 06, 2026

-मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता के दिए निर्देश -संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर कठोर कार्रवाई के दिए निर्देश
महोबा, 06 जून (हि.स.)। यूपी के महोबा जनपद में आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 को सकुशल एवं निष्पक्ष सम्पन्न कराने के लिए जिलाधिकारी गजल भारद्वाज एवं पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने शनिवार को जनपद मुख्यालय स्थित परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का धरातल पर जायजा लिया है। तीन दिन 8, 9 और 10 जून को परीक्षा आयोजित होनी है।
शनिवार को निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा जनपद मुख्यालय स्थित डीएवी इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज एवं मुकुंद लाल राजकीय इंटर कॉलेज सहित अन्य नामित परीक्षा केन्द्रों का गहनता से अवलोकन किया। इस दौरान परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों के सुगम एवं व्यवस्थित प्रवेश हेतु बनाए गए गेट प्लान, बैरिकेडिंग व्यवस्था, अभ्यर्थियों की चरणबद्ध एंट्री एवं भीड़ नियंत्रण के उपायों का बारीकी से परीक्षण किया गया।
इस दौरान डीएम ने अभ्यर्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, छाया व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता का भी बारीकी से धरातल पर परखा है। जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अधिकारियों ने परीक्षा केन्द्रों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, कंट्रोल रूम से निगरानी व्यवस्था तथा संवेदनशील बिंदुओं पर अतिरिक्त सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग व्यवस्था जैसे मेटल डिटेक्टर, हैंड-हेल्ड स्कैनिंग एवं संदिग्ध वस्तुओं पर रोक को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों के द्वारा ड्यूटी में तैनात पुलिस बल एवं मजिस्ट्रेट्स को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे पूर्ण सतर्कता, अनुशासन एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। किसी भी प्रकार की अनियमितता, अव्यवस्था अथवा संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से कठोर एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए समयबद्ध एवं जिम्मेदारीपूर्ण ढंग से अपने कर्तव्यों का निर्वहन सुनिश्चित करें ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न रूप से सम्पन्न हो सके।
---------------

