पंजाब और डार्क वेब से हिमाचल पहुंच रहा नशा : ओपी शर्मा
- DSS Admin
- May 19, 2026
शिमला, 19 मई (हि.स.)। नशा निवारण बोर्ड के पूर्व संयोजक कम एडवाइजर ओम प्रकाश शर्मा ने हिमाचल प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार को लेकर कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार नशे को रोकने के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रही और प्रदेश में पंजाब तथा पाकिस्तान से बड़े स्तर पर नशा पहुंच रहा है। साथ ही डार्क वेब के जरिए भी नशे की सप्लाई होने का दावा किया।
शिमला में मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में ओपी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने के बाद करीब दो साल तक नशा निवारण बोर्ड का पुनर्गठन नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2025 में नियमों को नजरअंदाज कर एक राजनीतिक व्यक्ति को बोर्ड का संयोजक कम एडवाइजर बना दिया गया, जबकि इस पद पर अनुभवी लोगों की नियुक्ति होनी चाहिए थी।
उन्होंने कहा कि केवल पुलिस के भरोसे नशे की समस्या को खत्म नहीं किया जा सकता। इसके लिए समाज की भागीदारी और जागरूकता अभियान जरूरी हैं। शर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को नशे से बचाने के लिए पर्याप्त प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रम नहीं चला रही है।
ओपी शर्मा ने कहा कि प्रदेश में नशे के कारण बड़ी संख्या में युवाओं की मौत हो रही है, लेकिन सरकार इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि केवल बड़ी रैलियां आयोजित करने से नशा खत्म नहीं होगा, बल्कि इसके लिए जमीनी स्तर पर लगातार काम करने की जरूरत है।
उन्होंने यह भी कहा कि नशा तस्करी की “बैकवर्ड लिंकेज” यानी सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचने पर पर्याप्त काम नहीं हो रहा। शर्मा के मुताबिक पुलिस विभाग में मैनपावर की भी भारी कमी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 1200 कमांडो भर्ती करने की घोषणा की थी, लेकिन अब तक वह योजना जमीन पर नजर नहीं आई।
---------------

