बर्दवान, 29 मई (हि.स.)।
दुर्गापुर में अन्नपूर्णा भंडार योजना को लेकर भाजपा ने अभियान तेज कर दिया है। पश्चिम बर्दवान जिले के दुर्गापुर सिटी सेंटर इलाके में भाजपा की ओर से अन्नपूर्णा भंडार योजना के फॉर्म भरने का कार्य विधिवत शुरू कर दिया गया। इस अभियान का नेतृत्व दुर्गापुर के विधायक लखन घुरुई ने किया। सिटी सेंटर स्थित बडतला के पास आयोजित कार्यक्रम में सबसे पहले अपर्णा सिंह नामक महिला का फॉर्म भरकर इस अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई।
इस दौरान विधायक लखन घुरुई ने कहा कि विधानसभा चुनाव के समय भाजपा ने अपने मेनिफेस्टो में अन्नपूर्णा भंडार योजना शुरू करने का वादा किया था और अब उसी वादे को जमीन पर उतारने का काम शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल घोषणा नहीं करती, बल्कि जो कहती है उसे पूरा भी करती है।
लखन घुरुई ने जानकारी देते हुए कहा कि 1 तारीख से 5 तारीख के बीच महिलाओं के खातों में लक्ष्मी भंडार की राशि पहुंचेगी। इसके साथ ही अन्नपूर्णा भंडार योजना का फॉर्म भरने की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। उन्होंने बताया कि पिछली सरकार के समय जिन महिलाओं का लक्ष्मी भंडार का फॉर्म नहीं भरा गया था या किसी कारणवश वे योजना से वंचित रह गई थीं, उनका भी फॉर्म अब भरवाया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद महिलाओं को लाभ मिल सके।
विधायक ने कहा कि भाजपा संगठन की ओर से बूथ स्तर से लेकर मंडल स्तर तक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर महिलाओं का फॉर्म भरवाने का कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि सरकारी स्तर पर विभिन्न वार्ड कार्यालयों में करीब 10 हजार फॉर्म वितरित किए गए हैं और आने वाले दिनों में यह अभियान और व्यापक रूप से चलाया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं मौजूद रहीं। कई महिलाओं ने योजना को लेकर उत्साह जताया और कहा कि यदि यह योजना सही तरीके से लागू होती है तो गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को काफी राहत मिलेगी।
भाजपा नेताओं का कहना है कि अन्नपूर्णा भंडार योजना के माध्यम से महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों को सस्ती दरों पर राशन और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
दुर्गापुर में इस अभियान की शुरुआत को भाजपा की आगामी राजनीतिक रणनीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी नेताओं ने साफ संकेत दिया कि वे राज्य सरकार की योजनाओं के मुकाबले अपनी योजनाओं और वादों को जनता के बीच लेकर जा रहे हैं। विधायक लखन घुरुई ने कहा कि भाजपा जनता के भरोसे पर खरी उतरने के लिए लगातार काम कर रही है और आने वाले दिनों में यह अभियान पूरे क्षेत्र में चलाया जाएगा।
---------------

