पश्चिम विक्षोभ का असर खत्म होते ही बढ़ने लगेगा प्रदेश का पारा
- Admin Admin
- Mar 21, 2025

जयपुर, 21 मार्च (हि.स.)। पश्चिम विक्षोभ का असर खत्म होते ही प्रदेश के शहरों का पारा बढ़ने लगेगा। अब मार्च में कोई नया सिस्टम बनने की संभावना नहीं है। ऐसे में मार्च के अंत तक प्रदेश के कई शहरों का दिन का पारा 40 पार पहुंच जाएगा। शुक्रवार को प्रदेश के 9 शहरों का दिन का पारा 35 तो वहीं आठ शहरों का रात का पारा 20 पार दर्ज किया गया। 37.6 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 23.8 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही।
मौसम विभाग के अनुसार चित्तौड़गढ़, बाड़मेर, जोधपुर, जैसलमेर, फलोदी, धौलपुर, डूंगरपुर, जालौर और दौसा का दिन का पारा 35 पार दर्ज किया गया। वहीं धौलपुर, जयपुर, फलौदी, जोधपुर, जैसलमेर, डबोक, बाड़मेर और भीलवाड़ा का रात का पारा 20 डिग्री के पार रहा। वहीं शुक्रवार रात को प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि प्रदेश में आगामी 4-5 दिन मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। प्रथम सप्ताह के दौरान 23 मार्च से राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री अधिक दर्ज होने की संभावना है। द्वितीय सप्ताह के दौरान राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य के आस-पास दर्ज होने की संभावना है। 30 मार्च तक राज्य में न्यूनतम तापमान सामान्य के आस-पास दर्ज होने की संभावना है। शुक्रवार को राज्य में मौसम शुष्क रहा। राज्य के अधिकांश भागों में हवा में आर्द्रता की औसत मात्रा 10 से 80 प्रतिशत के मध्य दर्ज की गई |
जयपुर में शुक्रवार को धूप खिली। इससे जयपुर के दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी और रात के पारे में 1.6 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। शनिवार से पश्चिम विक्षोभ का असर खत्म होने लग जाएगा। इसके बाद जयपुर के पारे में बढ़ोतरी होने लगेगी। जयपुर का अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री दर्ज किया गया।
विश्व मौसम दिवस के अवसर पर मौसम केंद्र जयपुर में 24 मार्च को एक तकनीकी प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इस प्रदर्शनी में स्कूल कॉलेज के विध्यार्थियों व आमजन को डोप्लर रेडार, एडब्ल्यूएस वैधशाला सहित अन्य उपकरणों की जानकारी दी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश