जौनपुर ​जिला कारागार में बंदी की मौत, परिजनों ने लगाया आरोप

जौनपुर, 26 अप्रैल (हि.स.)। फर्जी दस्तावेज के जरिए जमीन बेचने के आरोप में जेल में सजा काट रहे बुजुर्ग बंदी की शुक्रवार की रात को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी पर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ कौस्तुभ शनिवार को जिला जेल पहुंचे। उनके साथ सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह भी मौजूद रही। पुलिस शव को पोस्टमार्टम भिजवाकर मामले की जांच में जुट गई। घरवालाें ने आराेप लगाया है कि पुलिस वालाें ने उसके पिता काे मारा डाला है।

जिलाधिकारी ने बताया कि जेल पुलिस के मुताबिक, बंदी कुलदीप (55) मछलीशहर कोतवाली थाना क्षेत्र के शादीगंज दक्षिणी का निवासी था। उसने कूटरचित दस्तावेजों का इस्तेमाल कर दूसरे की जमीन को मछलीशहर के चेयरमैन संजय जायसवाल को बेचा था। धाेखाधड़ी के मामले में मछलीशहर कोतवाली पुलिस ने 13 अप्रैल को गिरफ्तार कर उसे जेल भेजा था। चेयरमैन संजय जायसवाल भी पिछले तीन महीने से जेल में बंद हैं। शुक्रवार रात को बंदी कुलदीप की तबीयत अचानक बिगड़ गई। जेल प्रशासन तुरंत उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंची,जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस मामले में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सिंह ने बताया कि एक बीमार और कमजोर बंदी की मृत्यु हो गई। नियमानुसार शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। उसका वजन भी काफी कम था वो पहले से बीमार चल रहा था। स्वाभाविक रूप से मौत हुई है। मृतक कुलदीप के बेटे नागेंद्र ने आरोप लगाया कि पुलिस वालाें ने पिता को मार डाला है और तीन दिन से कोई सूचना नहीं दिया। आज उन्हें बताया कि पिता की मृत्यु हो गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

   

सम्बंधित खबर