टिकट चेकिंग स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार पर निष्पक्ष जांच की मांग, बीकानेर में प्रदर्शन

बीकानेर, 18 मई (हि.स.)। इंडियन रेलवे टिकट चेकिंग स्टाफ ऑर्गेनाइजेशन की ओर से सोमवार को उत्तर पश्चिम रेलवे, बीकानेर मंडल प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर ऑन-ड्यूटी टिकट चेकिंग स्टाफ के साथ कथित अभद्र व्यवहार एवं सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग की गई। इस दौरान बीकानेर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर कर्मचारियों ने टिकट चेकिंग स्टाफ के समर्थन में नारेबाजी भी की।

ऑर्गेनाइजेशन के प्रतिनिधियों ने मंडल रेल प्रबंधक (वाणिज्य), उत्तर पश्चिम रेलवे, बीकानेर को प्रेषित ज्ञापन में आरोप लगाया कि बीते दिनों भिवानी स्टेशन पर ऑन-ड्यूटी टिकट जांच के दौरान टीटीआई हिसार बजरंग लाल के साथ ट्रेन मैनेजर मुकेश कुमार द्वारा अभद्र व्यवहार किया गया तथा टिकट जांच कार्य में बाधा उत्पन्न की गई।

डीसीटीआई जगदेव सिंह रंधावा एवं ऑर्गेनाइजेशन के सचिव नीलेंद्र शर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि टिकट जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा कर रहे यात्रियों से नियमानुसार किराया एवं जुर्माना वसूला जा रहा था, लेकिन ट्रेन मैनेजर ने हस्तक्षेप करते हुए यात्रियों को ईएफटी भुगतान से रोका तथा टीटीई पर केवल 200 रुपये लेकर मामला निपटाने का दबाव बनाया।

उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रेन मैनेजर ने सार्वजनिक रूप से टीटीई स्टाफ को “चोर” कहकर संबोधित किया तथा अपशब्दों का प्रयोग किया, जिससे टिकट चेकिंग कर्मचारियों की छवि धूमिल हुई है। संगठन का कहना है कि यह व्यवहार रेलवे सेवा आचरण नियम 1966 के प्रावधानों के विपरीत है तथा इससे रेलवे की छवि भी प्रभावित हुई है।

संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद दोनों पक्षों में लिखित राजीनामा हो चुका है, लेकिन ट्रेन मैनेजर एसोसिएशन द्वारा मामले को लगातार उछाला जा रहा है। उन्होंने मांग की कि यदि जांच कराई जाती है तो वह निष्पक्ष और उच्च स्तरीय होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि रेलवे वाणिज्य नियमावली के अनुसार प्रत्येक कर्मचारी का दायित्व रेल राजस्व की हानि रोकना है, लेकिन इस मामले में रेल राजस्व वसूली में सहयोग करने के बजाय बाधा उत्पन्न की गई। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगाया गया तो टिकट चेकिंग स्टाफ का मनोबल प्रभावित होगा तथा ट्रेनों में असुरक्षा का वातावरण बनेगा।

प्रदर्शन के दौरान सीटीआई नूतन कुमार पटपटिया, सुनील कुमार शादी, श्याम सिंह, भोजराज मारु, भंवरलाल चौधरी, टीटीआई विजय सिंह यादव, मघाराम, ओमप्रकाश, तरुण कुमार, इरफान अली, रजाक अली, हीरालाल सुथार, साजन, लक्ष्मण सिंह राठौड़, बलवान सिंह, देवकिशन, नत्थूलाल मीणा, गजेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर