यमुनानगर: कर्मचारी जन असेंबली द्वारा अलग आठवें वेतन आयोग गठन की मांग
- Admin Admin
- Mar 17, 2025

यमुनानगर, 17 मार्च (हि.स.)। हरियाणा कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारी जन असेंबली द्वारा प्रदेश में अलग से आठवें वेतन आयोग के गठन की मांग को लेकर साेमवार काे कर्मचारियों ने जिला लघु सचिलवालय पर प्रदर्शन किया। जिला उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
इस मौके पर सोमवार को कर्मचारियों ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा आठवीं वेतन आयोग के गठन की घोषणा कर दी गई है। देश व प्रदेश के कर्मचारियों व मजदूरों के लिए 10 वर्ष के बाद वेतन आयोग का पुनर्गठन किया जाता है। जिसमें कच्चे, पक्के मजदूर व कर्मचारियों के वेतन ढांचे को पुनर्गठित किया जाता है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जो वेतन आयोग का बजट देता है हरियाणा सरकार उसमें भी काट छांट कर उसे लागू करता है। जबकि हरियाणा की परिस्थितियों अलग है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में प्रति व्यक्ति आय व जीवन स्तर कई प्रदेशों से ऊपर है इसलिए वेतन भी उसी अनुसार होना चाहिए। और ऐसा सिर्फ अलग से ही वेतन आयोग गठित कर संभव हो सकता है। इसके अलावा वेतन विसंगतियां, अंतरिम राहत व अन्य समस्याओं का समाधान भी वेतन आयोग के द्वारा किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि आज हरियाणा विधानसभा में बजट पेश किया जा रहा है और वहीं इसी मौके पर आज यमुनानगर कर्मचारी संघ द्वारा जिला उपायुक्त कार्यालय पर कर्मचारी जन असेंबली का आयोजन किया गया है। जिसमें उपरोक्त मांगों का प्रस्ताव पारित किया गया है। उन्होंने कहा कि हमारी मांग है कि इस पारित प्रस्ताव को व्यापक कर्मचारी व प्रदेशहित में लागू किया जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / अवतार सिंह चुग