पीजी के बाद एक वर्षीय बीएड पाठ्यक्रम शुरू कराने की मांग
- DSS Admin
- Jun 17, 2026
मुरादाबाद, 17 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत स्नातकोत्तर के बाद एक वर्षीय बीएड पाठ्यक्रम शुरू कराने की मांग तेज हो गई है। इसी को लेकर बुधवार को छात्रसंघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के कुलसचिव गिरीश कुमार द्विवेदी को केंद्रीय शिक्षा मंत्री व प्रदेश सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपे।
केजीके पीजी कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ कला संकाय अध्यक्ष कुशल शर्मा ने कहा कि नई शिक्षा - नीति 2020 के तहत 2026-27 सत्र से स्नातकोत्तर डिग्री धारकों के लिए एक वर्षीय बीएड पाठ्यक्रम अनिवार्य रूप से शुरू किया जाए।
उन्होंने कहा कि गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय नया विश्वविद्यालय है। यह विश्वविद्यालय नई शिक्षा नीति लागू करने में मॉडल बन सकता है। उन्होंने कहा कि एमए, एमएससी और एमकॉम करने के बाद भी छात्रों को दो वर्षीय बीएड करना पड़ रहा है, जबकि नई शिक्षा नीति में एक वर्षीय बीएड का स्पष्ट प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 में नई शिक्षा नीति लागू की गई लेकिन पांच वर्ष बीतने के बाद भी इसे लागू नहीं किया गया है। उनका कहना है कि कुलसचिव ने इसे शासन स्तर पर अग्रसारित करने का आश्वासन दिया है। इस मौके पर नवनीत पाल, आयुष आर्या, इमरान, राजीव कुमार, हर्षित आदि मौजूद रहे।

