राजेश शुक्ला पुनः बने सीतापुर के जिला अध्यक्ष

पार्टी कार्यालय पर बधाई स्वीकार करते हुए राजेश शुक्ला

सीतापुर, 16 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश नेतृत्व ने बहुप्रतीक्षित पार्टी जिला अध्यक्षों के नामों की घोषणा रविवार को कर दी। सीतापुर से वर्तमान जिला अध्यक्ष राजेश शुक्ला को पुनः इसी पद पर ताजपोशी की गई है।

प्रदेश महामंत्री एवं अवध क्षेत्र के प्रभारी संजय राय और पूर्व मंत्री रामपति शास्त्री देर शाम सीतापुर पहुंचे। उनके आने से पूर्व भाजपा कार्यालय पर पदाधिकारियों की बैठक बुला ली गई थी। उन्होंने यहां पहुंचते ही पार्टी के निर्णय को कार्यकर्ताओं के बीच बताते हुए राजेश शुक्ला के नाम की एलान किया। एक बार फिर राजेश शुक्ला काे जिला अध्यक्ष बनाए जाने पर जिले के सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता वक्त की। पार्टी ने पूर्व में 15 सितंबर 2023 को राजेश शुक्ला काे अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी थी और वह 18 माह से बखूबी जिलाध्यक्ष की कुर्सी संभाल रहे हैं।

अध्यक्ष पद के नाम की घोषणा के बाद जिला अध्यक्ष राजेश शुक्ला ने पार्टी नेतृत्व के प्रति धन्यवाद प्रकट करते हुए हिन्दुस्थान समाचार से कहा कि प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के दिशा निर्देशन एवं कुशल मार्गदर्शन में जनपद में सभी के साथ समन्वय बनाकर संगठन कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा।

जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने वर्ष 1995 में राजनीति के क्षेत्र में कदम रखा और नगर के इस्माइलपुर वार्ड से सभासद बनकर अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत की। उसके बाद उनकी मां भी सभासद चुनी गईं। 2017 में पार्टी ने उन्हें सीतापुर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ाया, जिसमें वे मामूली मतों से हार गए थे।

सीतापुर के पूर्व सांसद एवं राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूर्व सांसद रेखा वर्मा, शहरी नगर विकास राज्यमंत्री, राकेश राठौर गुरु, कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री गिरीश मिश्रा, मिश्रिख सांसद अशोक रावत, विधायक ज्ञान तिवारी, शशांक त्रिवेदी, रामकृष्ण भार्गव, निर्मल वर्मा, मनीष रावत, एमएलसी पवन सिंह चौहान, पूर्व विधायक सुनील वर्मा, पूर्व एमएलसी भरत त्रिपाठी, राकेश सिंह सहित पार्टी नेताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दी है। पार्टी नेताओं ने कहा कि राजेश शुक्ला के नेतृत्व में पार्टी आगे बढ़ेगी और 2027 में जीत हासिल करेगी।

उल्लेखनीय है कि पांच माह पूर्व संगठन पर्व के अंतर्गत संगठन की चुनावी प्रक्रिया निर्धारित की गई थी। पार्टी के सदस्यता अभियान एवं सक्रिय सदस्य बनने की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अध्यक्ष पद की दावेदारी में सीतापुर में कुल 37 लोगों ने नामांकन पत्र भरा था। गहन मंथन के बाद पार्टी नेतृत्व ने राजेश शुक्ला पर ही पुनः मुहर लगाई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma

   

सम्बंधित खबर