बाड़मेर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए डिजिटल लॉकर सुविधा उपलब्ध

जोधपुर, 17 जून (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे, जोधपुर रेल मंडल के बाड़मेर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा एवं उनके सामान की सुरक्षित रख-रखाव व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से डिजिटल लॉकर सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यह आधुनिक एवं पूर्णत: डिजिटल सेवा यात्रियों को अपने सामान को सुरक्षित रखने की सुविधा प्रदान करती है, जिससे वे स्टेशन अथवा शहर में निश्चिंत होकर अपने कार्य कर सकते हैं।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि डिजिटल लॉकर सुविधा यात्रियों के लिए एक उपयोगी और अभिनव पहल है। इसके माध्यम से यात्री अपने सामान को सुरक्षित रखकर बिना किसी चिंता के यात्रा कर सकते हैं अथवा शहर में भ्रमण कर सकते हैं। यह सुविधा यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि डिजिटल लॉकर प्रणाली में यात्री अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण कर ओटीपी आधारित लॉगिन करते हैं। इसके बाद आवश्यक विवरण दर्ज कर लॉकर का चयन किया जा सकता है। भुगतान की प्रक्रिया भी पूरी तरह डिजिटल है, जिसमें क्यूआर कोड स्कैन कर ऑनलाइन भुगतान किया जाता है। भुगतान पूर्ण होने पर लॉकर स्वत: खुल जाता है और यात्री अपना सामान सुरक्षित रख सकते हैं।

स्टेशन पर मीडियम, लार्ज एवं एक्स्ट्रा लार्ज आकार के लॉकर उपलब्ध हैं, जिन्हें 6 घंटे अथवा 24 घंटे की अवधि के लिए बुक किया जा सकता है। यह सुविधा उपयोग में सरल, सुरक्षित तथा पूरी तरह डिजिटल है।

   

सम्बंधित खबर