अन्नपूर्णा योजना के तहत 100 लाभार्थी महिलाओं को मिला स्वीकृति पत्र
- DSS Admin
- Jun 03, 2026
जलपाईगुड़ी, 03 जून (हि. स.)। राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए बुधवार को राज्य सचिवालय नवान्न से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने वर्चुअल माध्यम से ‘अन्नपूर्णा योजना’ के तहत आर्थिक सहायता वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस पहल के तहत राज्यभर में 28 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में सीधे आर्थिक सहायता राशि भेजी गई।
इसी क्रम में जलपाईगुड़ी जिले के राजगंज ब्लॉक प्रशासन द्वारा बीडीओ कार्यालय परिसर में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में करीब 100 लाभार्थी महिलाओं को योजना के तहत स्वीकृति पत्र सौंपे गए। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों में काफी उत्साह देखने को मिला और उन्होंने सरकार की इस पहल की सराहना की।
इस अवसर पर राजगंज के बीडीओ सौरव कांति मंडल, राजगंज थाना प्रभारी (आईसी) अमिताभ दास, पंचायत समिति की अध्यक्ष रुपाली दे सरकार, उपाध्यक्ष कविता छेत्री शैव, पंचायत समिति सदस्य धनंजय मल्लिक समेत विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधान और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

