हिसार में सिरसा चुंगी-तलाकी गेट मार्ग का नाम होगा ‘डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग’
- Vijesh Sharma
- Jul 06, 2026

हिसार, 06 जुलाई । नगर निगम की विशेष बैठक
में शहर के एक प्रमुख मार्ग के नामकरण बारे महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। नगर निगम सदन
ने सर्वसम्मति से सिरसा चुंगी से तलाकी गेट तक जाने वाले मार्ग का नाम ‘डॉ. श्यामा
प्रसाद मुखर्जी मार्ग’ रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। प्रस्ताव
पारित होने के बाद यह मार्ग अब आधिकारिक रूप से इसी नाम से जाना जाएगा।
नगर निगम के मुख्य सभागार में साेमवार काे मेयर प्रवीण पोपली
की अध्यक्षता में हुई बैठक में नलवा विधायक रणधीर पनिहार भी मौजूद रहे। प्रस्ताव
पर चर्चा के बाद सभी पार्षदों ने ध्वनिमत से इसे पारित किया। बैठक के दौरान विधायक
रणधीर पनिहार ने कहा कि शहर के विकास कार्यों में जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच
बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं और विकास कार्यों को
प्राथमिकता देने पर बल दिया।
मेयर प्रवीण पोपली ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता
शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बरसात के मौसम को देखते
हुए सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करने, प्रमुख सड़कों की सफाई सुनिश्चित करने और जलभराव
की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।
बैठक में निगमायुक्त सी. जयाश्रद्धा ने पार्षदों
से अपने-अपने वार्डों में एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) अभियान को गंभीरता से संचालित
करने और अधिक से अधिक नागरिकों को फॉर्म भरकर बीएलओ के पास जमा कराने के लिए जागरूक
करने का आह्वान किया।

