वनाग्नि के कारण दुनिया की लगभग 150 प्रजातियां विलुप्त और कई विलुप्त की कगार पर: बीजू
- Admin Admin
- Mar 28, 2025

नैनीताल, 28 मार्च (हि.स.)। नैनीताल प्राणी उद्यान के सभागार में शुक्रवार को वनाग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वन संरक्षक-दक्षिणी कुमाऊं वृत्त उत्तराखंड टीआर बीजू लाल ने विद्यार्थियों को वनाग्नि की घटनाओं के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वनाग्नि के कारण दुनिया की लगभग 150 प्रजातियां विलुप्त हो चुकी हैं, और कई प्रजातियां खत्म होने की कगार पर हैं। वनाग्नि की घटनाएं मानव-वन्य जीव संघर्ष को भी बढ़ावा दे रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को वनाग्नि नियंत्रण और रोकथाम के उपायों की जानकारी दी और उनके प्रश्नों के उत्तर भी दिए।
कार्यक्रम का आयोजन प्रभागीय वनाधिकारी नैनीताल चंद्रशेखर जोशी के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम में नगर के विभिन्न विद्यालयों, डीएसबी परिसर और एनसीसी की 5 नेवल सब यूनिट के 250 विद्यार्थियों-कैडेटों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का संचालन हिमालयन बोटैनिकल गार्डन की बॉटनिस्ट रजनी रावत ने किया। इस अवसर पर प्राणी उद्यान की उप निदेशक स्वाति, वन क्षेत्राधिकारी आनंद लाल, वन दरोगा महेश बोरा, वन आरक्षी नितिन मुकेश, आनंद सिंह, विक्रम मेहरा और प्राणी उद्यान के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी