जौनपुर, 23 मई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में उत्तर प्रदेश पुलिस के ई-चालान सिस्टम की एक अजीबोगरीब त्रुटि इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। जौनपुर में यातायात पुलिस ने एक चार पहिया वाहन का चालान “बिना हेलमेट” के आरोप में काट दिया, जिसके बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
रुहट्टा स्थित सहकारी कॉलोनी निवासी बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विनोद सिंह की कार संख्या यूपी 62 सीएन 5834 का ई-चालान 16 मई 2026 की शाम करीब 6:24 बजे जारी किया गया। चालान में वाहन श्रेणी स्पष्ट रूप से “मोटर कार” दर्ज है, लेकिन उल्लंघन के कॉलम में “दो पहिया वाहन बिना हेलमेट चलाना” अंकित कर एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
इतना ही नहीं, यातायात पुलिस निदेशालय की ओर से भेजे गए नोटिस में वाहन स्वामी से सात दिन के भीतर चालक की जानकारी, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य विवरण उपलब्ध कराने को कहा गया है। नोटिस में जानकारी न देने पर जुर्माना अथवा जेल की कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।मामले को लेकर डॉ. विनोद सिंह ने कड़ी नाराजगी जताई है। वहीं इस मामले को अधिवक्ता हिमांशु श्रीवास्तव और घनश्याम ओझा ने इसे यातायात विभाग की गंभीर लापरवाही बताते हुए न्यायालय में विधिक कार्रवाई की बात कही है। उनका कहना है कि बिना सत्यापन के इस प्रकार चालान जारी करना आम नागरिकों का मानसिक उत्पीड़न है।घटना सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर चार पहिया वाहन में हेलमेट न पहनने का चालान कैसे काट दिया गया। अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि यातायात विभाग इस त्रुटि को सुधारते हुए जिम्मेदारों पर कोई कार्रवाई करता है या नहीं। वहीं इस मामले में शनिवार को जानकारी लेने पर डॉ विनोद सिंह ने कहा कि मुझे आश्चर्य है कि मेरी गाड़ी का चालान काटा गया है जबकि सब कुछ सही है।अगर ये मेरे साथ हो रहा है तो आम लोगों का क्या हाल होगा।इस मामले मे शनिवार को जानकारी लेने पर ट्रैफिक प्रभारी सुशील कुमार तिवारी ने बताया कि ये मानवीय भूल हो सकती है। वाहन मालिक संपर्क करे उसे सुधार दिया जाएगा।

