हीरा ग्रुप निवेश घोटाले में ईडी ने नजनीन अंसारी को किया गिरफ्तार, नीलामी प्रक्रिया में बाधा डालने का आरोप

नई दिल्ली, 03 जून (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हीरा ग्रुप निवेश घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में नजनीन अंसारी उर्फ अबीदा को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को गिरफ्तार की गई नजनीन अंसारी उर्फ अबीदा पर ईडी द्वारा कुर्क की गई संपत्तियों की नीलामी प्रक्रिया में बाधा डालने पर आरोप है।

ईडी ने बताया कि नज़नीन अंसारी, हीरा ग्रुप की प्रमुख नोहेरा शेख की निजी सहायक थीं। वह ईडी द्वारा अटैच की गई संपत्तियों के कब्जे, उनसे किराया वसूली, नए निवेशकों को प्रोत्साहित करने एवं विभिन्न अधिकारियों को गुमराह करने में सक्रिय रूप से शामिल थीं। जांच में सामने आया कि वह कुर्क संपत्तियों का उपयोग कर रही थीं और उनकी व्यावसायिक गतिविधियों को जारी रखने में मदद कर रही थीं।

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि नजनीन अंसारी, हीरा ग्रुप के खिलाफ चल रही जांच से पूरी तरह अवगत होने के बावजूद निवेशकों से धन जुटाने में शामिल रहीं। ईडी ने कहा कि वह अपराध की आय के कब्जे, उपयोग, छिपाव और आगे उत्पन्न करने जैसी गतिविधियों में जानबूझकर शामिल थीं।

ईडी ने बताया कि वह कई अटैच संपत्तियों के कब्जे में थीं, जिन्हें सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश पर नीलामी के लिए रखा गया था। इसके बावजूद उन्होंने नीलामी प्रक्रिया में बाधा डालने के लिए कर्मचारियों को संपत्तियों का निरीक्षण न करने का निर्देश दिया और उन्हें अप्रभावित दिखाने की कोशिश की।

ईडी ने कहा एजेंसी अब शेष अपराध की आय का पता लगाने और पूरे मनी ट्रेल को उजागर करने की जांच कर रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर