रेवाड़ी पुलिस ने 25 लाख के 80 गुम मोबाइल बरामद कर असल मालिकों को लौटाए
- Vijesh Sharma
- Jun 03, 2026

साइबर सेल की कार्रवाई से लोगों के चेहरे खिले
रेवाड़ी, 03 जून । रेवाड़ी जिला पुलिस की साइबर सेल ने एक सराहनीय उपलब्धि हासिल करते हुए करीब 25 लाख रुपये मूल्य के 80 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन बुधवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए। इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी पीएसआई अक्षय कुमार और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि जिला पुलिस की साइबर सेल ने पिछले 60 दिनों के दौरान लगातार अभियान चलाकर विभिन्न स्थानों पर गुम हुए 80 मोबाइल फोन ट्रेस किए हैं। इन मोबाइल फोनों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रुपये है। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस का आभार जताया और खुशी व्यक्त की।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि साइबर सेल आधुनिक तकनीक और विशेष सॉफ्टवेयर की सहायता से गुम मोबाइल फोनों का पता लगाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 से अब तक जिला पुलिस कुल 575 स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को वापस सौंप चुकी है। इन मोबाइल फोनों की कुल कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक है। वहीं वर्ष 2021 में भी पुलिस ने 58 स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद किए थेए जिनकी कीमत आठ लाख 49 हजार 347 रुपये थी।
हेमेंद्र कुमार मीणा ने भारत सरकार द्वारा संचालित सीईआईआर पोर्टल के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी व्यक्ति का मोबाइल फोन गुम होने या चोरी होने पर वह इस पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा सकता है।
---------------

